पन्ना नईदुनिया प्रतिनिधि। पन्ना जिले की एक ग्राम पंचायत में नई मिसाल देखने को मिली है, जहां पूरे ग्रामवासियों ने एकजुट होकर पंचायत की बागडोर निर्विरोध महिला शक्ति को सौंप दी है। अब यहां की कमान सरपंच से लेकर पंच तक महिलाएं संभालेगी की और ग्राम के विकास के लिए कुछ नया आयाम लिखेंगी।
जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 15 किलोमीटर दूर अजयगढ़ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत आरामगंज की बागडोर अब महिलाएं संभालेंगी। इस पंचायत से सरपंच सहित सभी 17 पंच महिला हैं जो निर्विरोध चुनी गई हैं। पन्ना जिले में यह इकलौती ऐसी पंचायत है जिसने महिलाओं की क्षमता पर भरोसा जताकर एक मिसाल कायम की है।
एक राय होकर सरपंच चुना : पन्ना-अजयगढ़ मार्ग पर स्थित आरामगंज पंचायत में कल से जश्न का माहौल है। महिलाओं की खुशी तो देखते ही बन रही है। सबसे विशेष व गौरतलब बात यह है कि गांव के लोगों ने दलित महिला को एक राय होकर सरपंच चुना है। निर्विरोध सरपंच चुनी गई श्रीमती रजनी बाई (31 वर्ष) उत्साहित हैं। उनका कहना है कि पंचायत क्षेत्र के लोगों ने जिस तरह से मेरे ऊपर भरोसा किया है, उस भरोसे को हर हाल में कायम रखूंगी। पंचायत के विकास व गरीबों खासकर महिलाओं के कल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ हम सब मिलकर करेंगे।
आरामगंज पंचायत अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित थी : लगभग 3 हजार की आबादी वाली आरामगंज पंचायत में कई छोटे-छोटे पुरवा आते हैं। जिनमें हर जाति वर्ग के लोग हैं। इस बार आरामगंज पंचायत अनुसूचित जाति पुरुष के लिए आरक्षित हुई थी, बावजूद इसके पंचायत क्षेत्र के लोगों ने एक राय होकर सरपंच से लेकर पंचों तक सभी महिलाओं को आगे किया है। इस अभिनव पहल से यह पंचायत यकायक चर्चा में आ गई है। पंचायत क्षेत्र में पांडे पुरवा, लौकिहा पुरवा, विश्रामगंज, गौरैया पुरवा, बंगलन व छिरियाई आते हैं। आरामगंज में जहां से रजनी बाई सरपंच चुनी गई हैं, वहां शत-प्रतिशत आदिवासी व हरिजन रहते हैं।