
पन्ना नईदुनिया प्रतिनिधि। जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत बृहस्पति कुंड जलप्रपात में पैर फिसलने से एक 25 वर्षीय युवक जलप्रपात में समा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तिदुनवारी भवानीनगर निवासी यश साहू अपने 5 से 6 दोस्तों के साथ यहां पहुंचा था जहां मौज मस्ती के दौरान यश का पैर फिसला और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
वहीं पुलिस और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। साथ ही सतना जिले की पुलिस को भी सूचना दी गई है। लेकिन अभी तक युवक का कोई पता नहीं चला है। वर्षा के दिनों में बृहस्पति कुंड में पानी झरने की शक्ल में गिरता है और बहुत ही खूबसूरत नजारा बनता है। इस विहंगम दृश्य को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। इस स्थान पर प्रशासन द्वारा हादसों की आशंका के चलते यहां प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था क्योंकि पूर्व में भी यहां कई हादसे हो चुके हैं इसके बावजूद यह युवक अपने साथियों के साथ यहां पहुंचा था और हादसा होने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी है।
झमाझम वर्षा से लबालब भरा नृपत सागर
नगर में बीती रात हुई रात भर हुई झमाझम वर्षा से पन्ना शहर में पेयजल पूर्ति करने वाले 3 तालाबों में सबसे मुख्य माना जाने वाला नृपत सागर तालाब लबालब भर गया है। बेस्ट बीअर भी चलने लगी है, वर्षा के मौसम के शुरुआती दौर में निराशाजनक वर्षा से नगरवासी चिंतित थे क्योंकि पन्ना के लोग हाल ही में भीषण जलसंकट से जूझ चुके हैं।
अल्प वर्षा के चलते लोग जल संकट की आशंका से चिंतित थे पर सावन बीतने के बाद रक्षाबंधन के दूसरे दिन शाम से शुरू होकर रात भर झमाझम वर्षा से नृपत सागर तालाब लबालब भर गया है। आपको बता दें कि नृपत सागर तालाब पहाड़ियों से लगा हुआ है। जिससे यह कम वर्षा में भी भर जाता है। लोकपाल सागर और धरम सागर में अभी 25 फीसद ही पानी आया है। जो खाली बताए जा रहे हैं और इसी प्रकार दो-तीन दिन और वर्षा होने पर पर्याप्त पानी इन तालाबों में भी भरने की उम्मीद जताई जा रही है। किलकिला फीडर के जीर्णोद्घार में प्रशासनिक उदासीनता की वजह से पन्ना शहर प्रतिवर्ष गर्मियों के दिनों में जल संकट से जूझता है क्योंकि पर्याप्त वर्षा नहीं होने से तालाब भर नहीं पाते।