Ashta News: आष्टा में बनेगा देश का सबसे बड़ा एथेन क्रैकर परियोजना सह पेट्रोकेमिकल परिसर
इस परियोजना से निर्माण अवधि के दौरान 15,000 व्यक्तियों तथा संचालन अवधि के दौरान लगभग 5,600 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा।
Publish Date: Fri, 07 Jun 2024 09:56:48 PM (IST)
Updated Date: Sat, 08 Jun 2024 07:21:43 AM (IST)
इस परियोजना में ग्रीन फील्ड पेट्रोकेमिकल परिसर भी प्रस्तावित है।HighLights
- मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने दी गेल (इंडिया) लिमिटेड की परियोजना को स्वीकृति
- परियोजना में 60 हजार करोड़ का होगा निवेश
- मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए आवश्यक भूमि आवंटन की शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश के आष्टा में देश का सबसे बड़ा एथेन क्रैकर परियोजना सह पेट्रोकेमिकल परिसर बनेगा। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिलेगा और प्रदेश के औद्योगीकरण को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गेल (इंडिया) लिमिटेड द्वारा सीहोर जिले की आष्टा तहसील में लगाई जाने वाली इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए आवश्यक भूमि आवंटन की शीघ्र कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मध्य प्रदेश भवन में आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला और गेल (इंडिया) लिमिटेड के निदेशक आर.के. सिंघल उपस्थित रहे।सीहोर जिले की आष्टा तहसील में लगभग 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश से निर्मित होने वाली यह परियोजना देश की सबसे बड़ी एथेन क्रैकर परियोजना होगी।
इस परियोजना में ग्रीन फील्ड पेट्रोकेमिकल परिसर भी प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत एलएलडीपीई, एचडीपीई, एमईजी और प्रोपेलीन जैसे पेट्रोकेमिकल्स का उत्पादन होगा। इस परियोजना से निर्माण अवधि के दौरान 15,000 व्यक्तियों तथा संचालन अवधि के दौरान लगभग 5,600 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। परियोजना में 70 हेक्टेयर की टाउनशिप भी प्रस्तावित है। परियोजना का भूमिपूजन आगामी फरवरी तक तथा वाणिज्यिक उत्पादन वित्त वर्ष 2030-31 में प्रारंभ होने की संभावना है।