
सीहोर। गणतंत्र दिवस पर एक सरकारी स्कूल में कार्यक्रम समाप्ति के बाद दलित छात्र के हाथ से सवर्ण जाति के दो ग्रामीणों ने मिठाई लेने से इनकार कर दिया। पुलिस ने दोनों ग्रामीणों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
मामला शाहगंज थाना क्षेत्र के अकोला गांव के शासकीय मिडिल स्कूल का है। पुलिस के अनुसार शाहगंज थाना अंर्तगत ग्राम अकोला के शासकीय माध्यमिक शाला में मंगलवार को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के समापन के दौरान स्कूल के शिक्षक रघुवीर गौर ने गांव के ही आईटीआई के छात्र सुमंत अहिरवार से स्कूल के मुख्य कक्ष में रखी मिठाई (नुकती) लाने के लिए कहा।
छात्र सुमंत मिठाई लेकर बाहर आया। इस पर कार्यक्रम में मौजूद गौरीशंकर गौर और घनश्याम पटेल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि दलित छात्र ने मिठाई छू ली है, इसे हम अब नहीं खा सकेंगे। दलित छात्र के हाथ भर लग जाने से मिठाई को दूषित करार दिए जाने पर वहां मौजूद लोग आक्रोशित हो गएा। बड़ी संख्या में लोगों ने थाने पहुंचकर अपना विरोध प्रकट किया और थाने में इस आशय का आवेदन पत्र दिया।
आवेदन पत्र पर करीब एक दर्जन से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए। चूंकि मंगलवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में शाहगंज थाना प्रभारी का सम्मान था इसलिए वे सीहोर आए हुए थे। उन्होंने शाम को ग्राम अकोला पहुंचकर ग्रामीणों और छात्र के बयान लिए और गौरी शंकर गौर तथा घनश्याम पटेल के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति एक्ट के अलावा भादवि की धारा 294,506, 34 के अंर्तगत प्रकरण दर्ज किया।