
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर(ED Raid in Sehore)। सीहोर में बुधवार सुबह जयश्री गायत्री फूड़ पनीर फैक्ट्री सहित इसके संचालक के घर पर ईडी की टीम जांच करने पहुंची है। मुरैना और सीहोर में फैक्ट्री संचालक के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है।
यहां पर सीसीएफ के जवान भी तैनात किए गए हैं। अभी जांच जारी है, जिसके पूरे होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी सामने आएगी। बताया जा रहा है कि जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री में पनीर एवं कई प्रकार की खाद्य सामग्री बनाई जाती है।
यहां करीब सात-आठ कार से करीब 15 सदस्यीय ईडी के अधिकारी एवं कर्मचारी रेड डालने पहुंचे हैं। साथ में केंद्रीय पुलिस रिजर्व बल सुरक्षा में तैनात है।

बुधवार की सुबह जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री पर हुई छापामार कार्रवाई के बारे में ईडी द्वारा स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी गई है। नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत ने बताया कि सीहोर पुलिस का सहयोग जांच टीम द्वारा नहीं लिया गया है।
सीहोर पुलिस को अधिकृत तौर पर कोई जानकारी नहीं है। संभवत भोपाल से ही पुलिस यहां ईडी टीम के साथ आई होगी। यहां चल रही पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय रखा गया है। फैक्ट्री प्रबंधन या किसी आधिकारिक सूत्र की ओर से अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
फैक्ट्री के बाहर तैनात पुलिस भी कार्रवाई के बारे में कोई जानकारी साझा करने से बच रही है। बाहर से बुलाई गई पुलिस टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान मौके पर मौजूद हैं।

जय श्री गायत्री पनीर फैक्ट्री प्रबंधक के मूल निवास मुरैना के घर में ताले तोड़कर ईडी जांच कर रही है। सीहोर के जंगली अहाता क्षेत्र में स्थित पारस विहार फेस टू में भी सीआरपीएफ और ईडी की टीम सर्चिग के लिए पहुंची है। ईडी की टीम सभी जगह जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
मुरैना के गणेशपुरा में रहने वाले डेयरी कारोबारी नरेंद्र मोदी, किशन मोदी के घर सुबह ईडी की टीम पहुंची। सीआरपीएफ जवानों की निगरानी में घर के बंद कमरों के ताले तोड़कर छानबीन चल रही है। मोदी बंधु के जयश्री गायत्री फर्म है और मिल्क मैजिक ब्रांड से पनीर, दूध आदि के बड़े प्लांट हैं।