पूर्व मंत्री दीपक जोशी की BJP में घर वापसी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में ली सदस्यता
पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने भाजपा में वापसी कर ली है। उन्होंने चार दिन पहले कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया था। दीपक जोशी ने कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के लिए वोट मांगे थे।
Publish Date: Thu, 07 Nov 2024 04:47:36 PM (IST)
Updated Date: Thu, 07 Nov 2024 11:16:56 PM (IST)
पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की मौजूदगी में भाजपा में वापसी की।नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के पुत्र पूर्व मंत्री दीपक जोशी की भाजपा में वापसी हो गई है। वह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने बुधनी विधानसभा क्षेत्र के नांदनेर में भाजपा में शामिल हो गए।
लगभग डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान दीपक जोशी ने भाजपा से रिश्ते खत्म कर कांग्रेस की तरफ रुख किया था। उस समय खुद कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदार कमलनाथ ने उसको सदस्यता दिलाई थी।
पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने चार नवंबर को भाजपा में शामिल होने का ऐलान किया था, जबकि उससे चार दिन पहले उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में बुधनी विधानसभा क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के लिए वोट मांगते हुए कहा था कि इनको भारी बहुमत से जीताएं।
कांग्रेस में हार और भाजपा में वापसी
आठ महीने पहले दीपक जोशी की भाजपा में वापसी का कार्यक्रम लगभग तय था, लेकिन अंत में वह टल गया था। पार्टी में उनकी वापसी को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी। चुनाव से पहले दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल हुए थे। कांग्रेस के टिकट पर खातेगांव सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि वह 12,542 वोटों से हार गए थे।