इंदौर-भोपाल हाईवे पर सीमेंट से भरा अनियंत्रित होकर ट्राला पलटा, ड्राइवर की दर्दनाक मौत
सीहोर के जावर थाना क्षेत्र में इंदौर–भोपाल हाईवे पर सीमेंट से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में केबिन में दबे चालक की मौके पर ही मौत हो गई ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 17 Dec 2025 10:40:28 AM (IST)Updated Date: Wed, 17 Dec 2025 10:40:28 AM (IST)
इंदौर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा सड़क हादसा। (फोटो- नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- इंदौर–भोपाल हाईवे पर सीमेंट से भरा ट्राला पलटा
- केबिन में दबने से ट्राला चालक की मौके पर मौत
- देर रात हुआ हादसा, तेज रफ्तार बनी कारण
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। थाना जावर में इंदौर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटेल ढाबे के पास मंगलवार को देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरा एक ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्राले के केबिन में चालक बुरी तरह दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला तेज रफ्तार में था। इस दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे पलट गया। ट्राले के पलटते ही तेज आवाज हुई। आसपास मौजूद लोग मौके पर जमा हो गए। हादसे की सूचना तत्काल थाना जावर पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। चालक ट्राले के केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। ट्राले में भरे सीमेंट के कारण केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर क्रेन की सहायता से ट्राले को सीधा करने की कोशिश की जा रही है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे के बाद इंदौर-भोपाल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से निकाला गया। मृतक चालक की पहचान और ट्राले के मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी भी शुरू कर दी है।