
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। नगर पालिका परिषद सीहोर के कर्मचारियों को बीते कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कर्मचारियों ने अब न्याय की गुहार सीधे प्रथम पूज्य भगवान गणेश के दरबार में लगाई है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने बप्पा के चरणों में प्रार्थना पत्र सौंपकर नपा प्रशासन को सद्बुद्धि देने और जल्द वेतन दिलाने की प्रार्थना की।
यह अनूठा प्रदर्शन मध्य प्रदेश कार्यभारित व दैनिक वेतन भोगी स्थाई कर्मी श्रमिक महासंघ के बैनर तले किया गया, जिसमें नगर पालिका के बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
कर्मचारियों ने पत्र में उल्लेख किया कि हर वर्ष नपा प्रांगण में जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मिलकर गणेश प्रतिमा स्थापित करते हैं। ऐसे में विघ्नहर्ता से विनती है कि वे नपा प्रशासन की रुकावटें दूर करें ताकि कर्मियों को समय पर मासिक वेतन मिल सके।
यह भी पढ़ें- विदिशा में 11 हजार घरों में पहुंचा नोटिस, नगर पालिका का 50 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया, भुगतान को उमड़े लोग
कर्मचारियों ने व्यथा व्यक्त करते हुए बताया कि महीनों से मानदेय-वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने भरण-पोषण और दैनिक खर्चों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनके वेतन का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आगामी दिनों में चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।