
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। गत सोमवार 15 जुलाई को सुबह करीब 6 बजे सीहोर जिले के बुधनी के मिडघाट रेलवे ट्रैक पर बाघिन के तीन शावक ट्रेन की चपेट में आ गए थे। इस दुर्घटना में एक शावक की मृत्यु हो गई तथा दो शावक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के दौरान वन्य प्राणी चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन दोनों घायल शावकों की स्थिति को देखते हुए वहां इलाज संभव नहीं था। दोनों को इलाज के लिए वन्य प्राणी चिकित्सालय भोपाल में तत्काल भर्ती कराना जरूरी था।

कलेक्टर प्रवीण सिंह ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भोपाल स्थित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से इस संबंध में संपर्क कर बताया कि मिडघाट घटनास्थल से दोनों घायल शावकों को भोपाल लाने के लिए एक डिब्बे की विशेष ट्रेन चलाने की आवश्यकता है।
मध्य प्रदेश सरकार की तत्परता व संवेदनशीलता से रेलवे ट्रेक पर घायल हुए बाघिन के दो शावकों को समय पर उपचार मिलना प्रशंसनीय है।
सीहोर के बुधनी में मिडघाट रेलवे ट्रेक पर हुई दुर्घटना में मध्यप्रदेश सरकार और @RailMinIndia ने समन्वय के साथ बेहद कम समय में एक डिब्बे की स्पेशल ट्रेन की… pic.twitter.com/bFYYFFXfE2
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 16, 2024
कलेक्टर प्रवीण सिंह के अनुरोध पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक डिब्बे की विशेष ट्रेन मंगलवार सुबह बुधनी के घटना स्थल मिडघाट तक भेजने का निर्णय लिया और कलेक्टर प्रवीण सिंह इस ट्रेन के साथ भोपाल से रवाना हुए।
#WATCH सी.सी.एफ. राजेश खरे ने बताया, "संभावना है कि सुबह बाघिन अपने शावकों के साथ पानी पीने जा रही होगी। उसी दौरान तीन शावक ट्रेन की चपेट में आ गए। एक शावक की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। जैसे ही इसकी जानकारी विभाग को लगी हम तुरंत घटना स्थल के लिए रवाना हो गए...दोनों शावकों को… https://t.co/IgizVYb4uz pic.twitter.com/KqnLu9yvLD
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 16, 2024
तत्काल दोनों घायल शावकों को ट्रेन से भोपाल लाकर वन विहार के वन्य प्राणी चिकित्सालय में भर्ती किया गया। दोनों घायल शावकों का इलाज अभी चल रहा है। इस पूरी कार्रवाई में सीनियर डीओएम निरीश कुमार राजपूत, वन मंडल अधिकारी मगन सिंह डाबर, एसडीएम राधेश्याम बघेल सहित राजस्व एवं वन विभाग की टीम मौजूद रही।