आष्टा। धन के अभाव में किसी गरीब का बच्चा पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा। सामाजिक क्रांति लाई जा रही है, 50 लाख रुपये तक का खर्चा सरकार भांजा भांजियों की पढ़ाई पर करेगी। लोगों की जिंदगी बदलने का अभियान है। कांग्रेस के नगर पालिका रहेगी तो गंदा पानी मिलेगा। बंदरवाट होगी। कांग्रेस की नगर सरकार बनने पर और पांच साल बर्बाद हो जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा मामा के खजाने में गरीबों के लिए धन की कमी नहीं रहेगी। सीएम राइज की बिल्डिंग 40 करोड़ की बनेगी। प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर वाहन बच्चों को लेने और छोड़ने जाएगा। अच्छी पढ़ाई कराई जाएगी। आष्टा को मिनी स्मार्ट सिटी बनाया जाएगा। आष्टा का बेहतर विकास कराएंगे अगर आप भाजपा की नगर सरकार बनाएंगे।
उक्त बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को नगर के कालोनी चौराहा के पास जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को आष्टा पहुंचकर भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगा। यहां पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जनसभा को संबोधित करते हुए आष्टा की जनता से सभी 18 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों की जिताने की अपील करते हुए आष्टा को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने का वादा भी किया। तय समय अनुसार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का हेलिकाप्टर दोपहर 3.30 बजे बाद शहीद भगत सिंह महाविद्यालय के मैदान पर बने हेलीपेड पर उतरा। वहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की अगुवाई विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋतु जैन आदि ने की। वहीं फिर इसके बाद मुख्यमंत्री सनरूप कार में सवार होकर सभा स्थल के लिए रवाना हुए। भाजपा ने किया संकल्प पत्र जारी, मुख्यमंत्री ने मिनी स्मार्ट सिटी बनाने का किया वादा। सभा के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आष्टा नगरपालिका के भाजपा का संकल्प पत्र भी जारी किया।
विकास के लिए भाजपा की सरकार होना जरूरी
आष्टा की जनता मेरे दिल में बसती है,भाजपा ने हमेशा आष्टा के विकास के कार्यों के लिए सोचा है और विकास कार्यों के लिए किसी भी प्रकार की धन की कभी कमी नहीं आने दी। एक जमाना था जब गड्ढों में सड़के हुआ करती थी आज सड़कों पर गड्ढे नहीं मिलते है। 16 साल मुझे कार्य करते हो गए है, इन 16 साल में हमने मध्य प्रदेश को संवारा है। क्या कभी कोई कल्पना कर सकता था कि नर्मदा का पानी आष्टा आएगा जब यह योजना बनी तब कांग्रेसी हंसते थे कि ऐसा हो सकता है, लेकिन शिवराज के शब्द कोष में असंभव शब्द नहीं है और आज आष्टा ही नहीं पूरे सीहोर जिले में नर्मदा का पानी लाने का तेजी से कार्य चल रहा है। इस अवसर पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, राकेश सुराणा, सुशील संचेती, धनरुपमल जैन, नवदीप कौर, उमेश शर्मा सहित कई वक्ताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
नगर विकास का संकल्प पत्र किया जारी
जिला मीडिया प्रभारी सुशील संचेती के संयोजन में बनाए गए 36 संकल्पों का नगर विकास का संकल्प पत्र का मुख्यमंत्री ने सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, पूर्व विधायक अजित सिंह, जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, देवीसिंह परमार, अनोखीलाल खंडेलवाल, बहादुरसिंह मुकाती, अरुण भीमावत, मुकेश बड़जात्या, कृपालसिंह ठाकुर, पंकज नाकोड़ा, रितु जैन, पंकज यादव की उपस्थिति में जारी किया। सभा का संचालन ललित नागौरी ने किया। आभार नगर अध्यक्ष अतुल शर्मा ने व्यक्त किया। सभा समाप्ति पर मुख्यमंत्री मंच से नीचे आ कर मंच के सामने बनी डी में बैठे सभी 18 वार्डों के पार्षद पद के प्रत्याशियों के बीच पहुंचे उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया, उनके साथ फोटो भी खिंचवाया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की मतदाताओं से अपील की है। इस दौरान विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, सीहोर विधायक सुदेश राय, जिलाध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष धारा सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित नागौरी, राकेश सुराणा व भाजपा नेताओं सहित सभी 18 वार्डों के भाजपा प्रत्याशी मौजूद रहे।