'30 लाख रुपये फंसे हैं, सब कुछ बिक गया...' सीहोर में वीडियो जारी कर युवक ने दी जान, कर्ज और प्रताड़ना का किया जिक्र
मृतक ने कई लोगों पर बकाया रकम न लौटाने, ब्याज के दबाव और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए तथा करीब 30 लाख रुपये फंसे होने का दावा किया।
Publish Date: Sun, 26 Jul 2026 03:55:55 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Jul 2026 03:55:55 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, इंटरनेट मीडिया से ली गई है।HighLights
- कोठरापिपलिया निवासी सुमेर पंवार ने कथित रूप से जहर खाकर जान दी
- वीडियो जारी कर आर्थिक संकट और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया
- मृतक ने कई लोगों पर बकाया रकम न लौटाने, ब्याज के दबाव का किया जिक्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। जिले के बुदनी अनुभाग के कोठरापिपलिया क्षेत्र में आर्थिक तंगी और लेन-देन के विवाद से परेशान एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करने के बाद कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुमेर पंवार के रूप में हुई है।
मामले की पुष्टि बुदनी एसडीओपी रवि शर्मा ने की है।
सुसाइड से पहले बनाया वीडियो
एसडीओपी रवि शर्मा के अनुसार सुमेर पंवार ने जहर का सेवन किया था। परिजन उसे उपचार के लिए भैरुंदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सुमेर पंवार ने अपनी आर्थिक परेशानियों, बकाया रकम और कथित मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया। उसने दावा किया कि उसने कई लोगों से लिया गया मूलधन चुका दिया था, लेकिन ब्याज की मांग और लगातार दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था।
कर्ज और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र
वीडियो में उसने यह भी आरोप लगाया कि बाजार में उसके करीब 30 लाख रुपये से अधिक फंसे हुए हैं, जिनका भुगतान उसे नहीं मिला। उसने कहा कि आर्थिक संकट के चलते उसे अपनी कांकरिया स्थित जमीन, अन्य संपत्ति और घर के वाहन तक बेचने पड़े।
वीडियो में सुमेर ने कई लोगों के नाम लेते हुए उनसे संबंधित बकाया राशि का भी उल्लेख किया। उसने दावा किया कि दो लोगों से 25-25 लाख रुपये, जबकि व्यक्ति के 6 लाख रुपये बकाया हैं।
कर्ज में वाहन भी गए
इसके अलावा उसने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने 35 हजार रुपये के लेन-देन को बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दिया और उससे कुल 4.5 लाख रुपये वसूल लिए। उसने यह भी कहा कि रामबाबू पटेल के पास उसकी जीप और स्कूटी खड़ी है, जिसे उसके परिजनों को वापस सौंप दिया जाए।
वीडियो में सुमेर पंवार ने कहा कि आर्थिक दबाव, बकाया रकम और कथित प्रताड़ना से परेशान होकर वह यह कदम उठा रहा है।
उसने अपने परिजनों से अनुरोध किया कि उसके फंसे हुए पैसे और वाहन वापस दिलाने का प्रयास करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की सत्यता की भी जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।