
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा बफर जोन अंतर्गत टुरिया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बाघ निर्माणाधीन रिसार्ट में घुस गया। यह घटना सुबह करीब 10 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
वन विभाग को सूचना मिली कि टुरिया के एक निर्माणाधीन रिॅसार्ट (फाॅर्म हाउस) में एक बाघ घुस आया है। यह फाॅर्म हाउस कलरव रिसाॅर्ट से लगा बताया जा रहा है, जिसका निर्माण नागपुर के मनीष शर्मा के नाम से दर्ज है।
सूचना पर खवासा परिक्षेत्र अधिकारी सुमित रेंगे सूचना मिलते ही मौके पर वन अमले के साथ पहुंच गए। कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम और पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि बाघ करीब दो से ढाई घंटे (12:30 बजे तक) तक निर्माणाधीन रिसार्ट में मौजूद घांस के मैदान में लंबी-लंबी घास के बीच बैठा रहा। ड्रोन कैमरे की मदद से बाघ की निगरानी शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार रिसाॅर्ट में उस समय कुछ मजदूर भी मौजूद थे, मौके पर पहुंचे वन अमले और पुलिस ने हटा कर पूरे इलाके को सुरक्षित कर लिया।
बाघ को रिसाॅर्ट से निकालने वन विभाग ने एहतियात बरतते निगरानी बनाए रखी। कुछ देर बाद बाघ धीरे-धीरे जंगल की ओर चला गया।
बाघ बिना किसी को नुकसान पहुंचाए रिसाॅर्ट की बाउंड्री से छलांग लगाकर अपने आप कोर क्षेत्र की ओर चला गया। वन विभाग ने बाघ की सुरक्षित वापसी के बाद इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- सिवनी में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, ग्रामीण इलाकों में बूंदाबांदी और कृषि मंडी में मक्का की आवक बंद