Seoni News: नहरों में बहा दिया पीने के लिए सहेजा हुआ भीमगढ़ बांध का पानी! क्या है सच्चाई
सिवनी जल संसाधन विभाग में पदस्थ प्रभारी मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया ने पेयजल के लिए भीमगढ़ बांध में स्टोर (आरक्षित) पानी को अपनी हठधर्मिता के चलते बालाघाट जिले की ओर जाने वाली नहरों व नदियों-तालाबों में छोड़ दिया गया है। नदी-नालों से जबरदस्ती पानी बहाया गया है इससे सामूहिक नलजल योजना, अनेक ग्रामों के साथ ही नगर पालिका सिवनी की पेयजल सप्लाई बंद हो गई।
Publish Date: Wed, 02 Apr 2025 09:06:54 PM (IST)
Updated Date: Wed, 02 Apr 2025 09:17:11 PM (IST)
भीमगढ़ बांध में इंटकवेल के पास पानी की स्थिति। सौजन्य इंटरनेट मीडियाHighLights
- नहरों में बहा दिया गया पेयजल के लिए संरक्षण का भीमगढ़ बांध का पानी।
- सिवनी विधायक दिनेश राय ने चीफ इंजीनियर पर लगाई आरोपों की झड़ी।
- कलेक्टर सहित मुख्यमंत्री, सिंचाई मंत्री, प्रमुख सचिव को भेजा शिकायती पत्र
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में आमजनों के पेयजल के लिए संरक्षित भीमगढ़ बांध का पानी नहरों में बहाने के आराेप जल संसाधन विभाग वैनगंगा कच्छार के मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया पर लगाते हुए सिवनी भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन, सहित मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने पत्र में आमजनों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था करने की मांग अधिकारियों से की है। गौरतलब है कि पेंच नहर से सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं कराने और निर्माण कार्यों को समय में पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कुछ माह पहले सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने मुख्य अभियंता अशोक डेहरिया के खिलाफ शिकायत की थी।
इसके बाद लंबे समय तक दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा था। इस मामले में विस्तृत जांच कराने के निर्देश भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए थे। भीमगढ़ बांध का जल स्तर घटने का मामला तूल पकड़ता दिख रहा है।
![naidunia_image]()
विधायक का आरोप तीन दिनों से नहीं हो पा रही पेयजल आपूर्ति
- विधायक ने 2 अप्रैल को लिखे पत्र में कहा है कि भीमगढ़ बांध में पेयजल के लिए (स्टोर) आरक्षित पानी को नहरों व नदियों में छोड़े जाने से भीषण गर्मी शुरू होने से पेयजल समस्या उत्पन्न हो गई है।
- विधायक ने कहा है कि ग्रीष्म ऋतु में आमजनों के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पानी की एक निश्चित मात्रा भीमगढ़ बांध में आरक्षित रखा जाता है, ताकि पेयजल की समस्या उत्पन्न ना हो सके।
- ग्रामीण क्षेत्रों व नगरीय क्षेत्र में पेयजल समस्या उत्पन्न हो गई है। इसके कारण तीन दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
- ग्रीष्म ऋतु के माह अप्रैल में यह स्थिति है तो आगामी माहों में पेयजल समस्या की भीषण स्थिति निर्मित होगी।
- डहेरिया पर आरक्षित पानी नहरों, नदी-नालों में छोड़े जाने के मामले में उचित जांच व कठोर कार्रवाई के साथ ही आमजनों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था करने आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।
![naidunia_image]()
चीफ इंजीनियर का ये कहना है
- बालाघाट को उनके अधिकार और हिस्से का पानी दिया गया है। पानी का कहीं भी अपव्यय नहीं किया गया है।
- बालाघाट में सूख रही फसलों को देखते हुए वहां के सांसद-विधायक के लगातार आग्रह के बाद नहरों को खोला गया है। लो सिल लेवर से नीचे का पानी पेयजल के लिए आरक्षित रहता है।
- अशोक डेहरिया, मुख्य अभियंता, वैनगंगा कच्छार जल संसाधन विभाग सिवनी के अनुसार पूरे वर्ष में 6 एमसीएम पानी की आवश्यकता सिवनी नगर को होती है।
- वर्तमान में बांध में 97 एमसीएम पानी संग्रहित है, जो भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। जिसे एप्रोच चैनल से पेयजल के लिए पानी दिया जाता है, उससे तीन मीटर ऊंचाई से इंटकवेल में पानी लिया जाता है।
- एप्रोच चैनल की तीन मीटर खुदाई कराने के बाद इंटकबेल में पर्याप्त में पानी पहुंचने लगेगा।
- फिलहाल पेयजल की समस्या को देखते हुए बालाघाट को दिया जा रहा सिंचाई का पानी बंद कर दिया गया है।