सिवनी, नईदुनिया प्रतिनिधि। मुख्यालय से लगभग 6 किलोमीटर दूर जबलपुर रोड पर बलपुरा गांव के पास से गुजरी नहर गुरुवार की शाम फूट गई। इससे कई किसानों की फसल बर्बाद हो गई। वहीं नगझर से बलपुरा मार्ग की सड़क का कुछ हिस्सा भी बह जाने से इस मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। नुकसानी का मंजर तब सामने आया जब शुक्रवार को राजस्व अमला सर्वे करने गांव पहुंचा। नहर फूटने से राजस्व अमला सर्व के काम में जुट गया है।
पानी से लबा लब हो गए खेत : गांव के रिंकू बघेल, लालू बघेल, घूरसिंह बघेल, राजेश बघेल आदि ने बताया कि गुरुवार की शाम हुई बारिश से शहर व गांव जहां जलमग्न हो गए वहीं नगझर जिला जेल के पास से बलपुरा, बिहिरिया, सोनाडोंगरी होते कलारबाकी की ओर गई नहर नहर पानी से लबालब हो गई और तेज बहाव से बहने लगी। पानी का अत्यधिक प्रेशर होने से नगझर व बलपुरा गांव के बीच की नहर दो अलग-अलग स्थानों से फूट गई। नहर के फूटने से इस नगझर व बलपुरा गांव के कई खेत पानी से लबा लब हो गए। इससे जिन किसानों ने फसल की बोवनी की थी, उन्हें खासी नुकसानी का सामना करना पड़ा है।
पानी उतरा तो फसल की जगह खेत में बिछी मिली मुरम : गांव वालों के मुताबिक नहर फूटने से नगझर और बलपुरा गांव में खेत के अलावा गांव की सड़कों में पानी ही पानी भर गया। खेत में बने मकान भी इसकी जद में आ गए। शुक्रवार को जब पानी उतरा तो कई किसानों के होश उड़ गए। कुछ किसानों ने जिस खेत में फसल की बोवनी की थी और बीज अंकुरित भी हो गए थे उन खेतों में पानी उतरने के बाद मुरम बिछी मिली। नुकसानी का सर्वे करने पहुंचे पटवारी अर्जुन बघेल ने बताया कि ठेके पर खेत लेकर खेती करने वाले रविशंकर के खेत में पानी के बहाव में बहकर आई मुरम बिछी मिली है।
कई किसानों के बह गए पाइप : पटवारी ने बताया है कि प्रारंभिक सर्वे में बोई गई फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं कई किसानों के पाइप भी बह गए है। महानंद नामक किसान के खेत में रखे 10 नग पाइप पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। वहीं अन्य किसानों के पाइप भी नहर फूटने के कारण बह गए हैं। दोनों गांव के करीब 10 किसानों को नहर फूटने से खासा नुकसान हुआ है। पटवारी के अनुसार अभी सर्वे का काम जारी है। सर्वे पूरा हो जाने के बाद ही नुकसानी की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
मक्का, धान की फसल को नुकसान : क्षेत्र के किसानों ने बताया कि नहर फूटने व बड़ी मात्रा में नहर का पानी खेतों में घुसने से इन दोनों गांवों में बोई गई मक्का व धान की फसल बर्बाद हो गई। किसानों ने कलेक्टर से क्षतिग्रस्त फसलों का शीघ्र उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त नहर का शीघ्र ही मरम्मत कार्य भी कराए जाने की मांग की है।
जल्द की जाए सड़क की मरम्मत : गांव के लोगों ने बताया कि सड़क के बह जाने से आवागमन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। ग्रामवासियों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़क का शीघ्र ही मरम्मत कार्य भी कराए जाने की मांग की है।
इनका कहना है
नगझर और बलपुरा गांव में पास से गुजरी नहर फूटने की जानकारी के बाद आरआई, पटवारी को सर्वे के लिए भेजा गया है। सर्वे पूरा होने के बाद नुकसानी की स्थिति सामने आएगी।
- पियूष दुबे, तहसीलदार सिवनी