सिवनी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। पेंच टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र कुरई (मोंगली अभ्यारण्य) कोर एरिया में गश्ती के दौरान वन अमले ने हरियल पक्षी को पकड़ने जाल फैलाने वाले एक आरोपित को 29 मार्च सोमवार को गिरफ्तार किया है। शिकारी के कब्जे से एक हरियल पक्षी भी पकड़ा गया है। क्षेत्र संचालक विक्रम सिंह परिहार ने बताया कि कोर क्षेत्र की पोटिया बीट में तालाब के पास कक्ष क्र. 655 में गश्ती के दौरान कर्मचारियों ने एक आरोपित सुरेन्द्र पुत्र ईठोबा लाडे (30) रिड्डी गांव निवासी को एक हरियल पक्षी (वन्यप्राणी) को नग जाल, रस्सी, जाल बांधने में उपयोग की गई लकड़ी की खूंटियां व बांस की डंडियों के साथ गिरफ्तार किया है। वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 972 की अनुसूची 4 के सरल क्र. 54 में दर्ज हरियल पक्षी का शिकार करते पकड़े गए आरोपित पर वन अपराध दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल दिया गया है। वन्यप्राणी हरियल पक्षी को उसके प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में छोड़ दिया गया। फील्ड डायरेक्टर विक्रमसिंह परिहार, उपसंचालक एमबी सिरसैया के निर्देशन में अधीक्षक आशीष कुमार पांडेय, कुरई रेंजर अजय सागर, परिक्षेत्र सहायक गौतम मंगौरे, वनपाल सतीराम उइके, वनरक्षक संतोष डोंगरे, नरेंद्र चैरे व अन्य स्टाफ शामिल रहा।
एफडी के बहाने डेढ़ लाख रुपये की ठगी
सिवनी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। प्रदेश व देश में सायबर अपराध बढ़ते जा रहे हैं। नए-नए तरीकों को अपना जालसाज लोगों द्वारा आम नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला सिवनी शहर के मंगलीपेठ क्षेत्र कोलानी निवासी राजकुमार ब्रम्हने के साथ सामने आया है। ब्रम्हने के मोबाइल पर कॉल आया कि बैंक में उनके द्वारा की गई 1 लाख रुपये की एफडी परिपक्कव हो गई। एफडी की समय अवधि पूरी होने पर इसे कैश कराने के लिए कॉल करने वाले जालसाज व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर आया ओटीपी नंबर राजकुमार से मांगा।
अचानक मोबाइल पर आए कॉल के बारे में बैंक उपभोक्ता राजकुमार कुछ समझ नहीं पाया और उसने ओटीपी कॉल करने वाले जालसाज को बता दिया। इसके तुरंत बाद देखते ही देखते राजकुमार के बैंक खाते से 1.41 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित राजकुमार ने सायबर सेल सिवनी को सूचना देने के साथ प्राथमिकी दर्ज करने आवेदन दिया है।