सिवनी में पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, 36वीं बटालियन के जवान थे सवार; ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा
जिले के बरघाट थाना अंतर्गत खूंट गांव के पास सोमवार रात को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 10:27:54 AM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 10:27:54 AM (IST)
पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, नईदुनियाHighLights
- पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत
- आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर काटा बवाल
- मौके पर पहुंचा पुलिस दल, जांच की शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। जिले के बरघाट थाना अंतर्गत खूंट गांव के पास सोमवार रात को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि मृतक की पहचान रविन्द्र पटले (32) पौनिया गांव बरघाट निवासी के रूप में हुई है।
रविन्द्र अपनी बाइक से जा रहा था, तभी सामने से आ रहे एक सरकारी बुलेरो पुलिस वाहन से बाइक की टक्कर हो गई, जिससे घटनास्थल पर बाइक सवार ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने किया हंगामा
जानकारी के अनुसार पुलिस वाहन में 36वीं बटालियन के जवान सवार थे, जो बालाघाट से सिवनी जा रहे थे। हादसे के बाद खूंट गांव के आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक की मौत से आक्रोशित होकर हंगामा किया।
ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को मुआवजा और सरकारी नौकरी दी जाए, साथ ही दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई हो। सूचना मिलने पर बरघाट पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
शव परिजनों का सौंपा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर प्रकरण में विस्तृत जांच की जा रही है। शासकीय वाहन व पुलिस कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में शामिल पुलिसकर्मी घायल नहीं हुए हैं।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश वेस ने बताया कि बालाघाट से 36वीं बटालियन के कुछ पुलिस जवान पुलिस वाहन से सिवनी जा रहे थे। इसी दौरान वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हुई है।
पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वाहन और बाइक की स्थिति तथा प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर विवेचना की जा रही है।