सिर पर हथौड़ा मारकर बाइक सवार से लूटे ढाई लाख रुपये से ज्यादा, वारदात कर भागे दो आरोपी
बरघाट के पिंडरई गांव में 5 सितंबर को एक व्यक्ति से 2.80 लाख रुपये लूटे गए। बाइक से लौट रहे वीर सिंह गौतम पर अज्ञात बदमाशों ने हथौड़े से हमला कर पैसे लूटे। घायल को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
Publish Date: Thu, 05 Sep 2024 08:59:55 PM (IST)
Updated Date: Thu, 05 Sep 2024 08:59:55 PM (IST)
अस्पताल में पीड़ित का चल रहा इलाज।HighLights
- बाइक सवार बदमाश पैसे लेकर फरार हुए।
- पीड़ित का बरघाट अस्पताल में इलाज जारी।
- पुलिस नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश कर रही।
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। बैंक से रुपये निकालकर रिश्तेदार के साथ बाइक से घर लौट रहे एक व्यक्ति के सिर में हथोड़ा मारकर 2.80 लाख रुपये नकद की लूट हुई है। वारदात बरघाट के पिंडरई गांव के पास गुरूवार दोपहर करीब चार बजे हुई। वारदात के बाद मौके से भागे बाइक सवार अज्ञात बदमाशों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 5 सितंबर की दोपहर लगभग 3.45 बजे गोरखपुर गांव निवासी वीर सिंह गौतम अपने एक अन्य रिश्तेदार भूपेंद्र गौतम के साथ बरघाट स्टेट बैंक शाखा रुपये निकालने गए थे। वह 2.80 लाख रुपये नकद लेकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
वीर सिंह गौतम की बाइक का पीछा करते हुए पिंडरई गांव के पास अज्ञात बाइक सवार दो व्यक्तियों ने धक्का देकर गिरा दिया। उसके बाद में मुंह में कपड़ा बांधे दो बदमाशों में से एक ने अपने पास रखे हथौड़े से वीर सिंह के सिर में हमलाकर चोटिल कर दिया। बदमाश रुपयों से भरा बैग लेकर मौके से बाइक लेकर फरार हो गए। घायल वीर सिंह गौतम को बरघाट अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनका इलाज चल रहा है।
बदमाशों की तलाश की जा रही है
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश सिंह बैस ने बताया कि अज्ञात लुटेरों का सुराग लगाने नाकाबंदी कर खोजबीन की जा रही है। घायल को सिर में मामूली चोट आई है, जिसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।