
सिवनी। जिले के लखनादौन थाना अंतर्गत मड़ई घाटी में फोरलेन में लखनादौन से सिवनी आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक वाहन ने शुक्रवार करीब 10.30 बजे सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को ट्रक ने कुचल दिया। तेज रफ्तार ट्रक वाहन क्रमांक एमएच 40 बीजी 6825 सफेद रंग का पाऊडर (मार्बल पाऊडर) लोड कर सिवनी की ओर आ रहा था। मड़ई घाटी के पास बंजारी मंदिर के आसपास रहकर भिक्षा से अपना गुजर बसर करने वाले एक व्यक्ति खूबचंद पुत्र बापूराम कतिया (50) मड़ई गांव निवासी को ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे खूबचंद का शरीर सड़क पर क्षत विक्षत हो गया। घटना के बाद अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर में जा घुसा जिससे सामने आ रहा एक अन्य ट्रक वाहन क्रमांक एमएच 14 पीएम 9297 भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सीमेंट लेकर सिवनी से लखनादौन की ओर जा रहे ट्रक वाहन में सवार ड्राइवर मजलूम खान व हेल्पर चोटिल हो गए। वहीं हादसे के बाद दुर्घटना करने वाले ट्रक में सवार ड्राइवर व हेल्पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ धारा 304 ए, 279, 337 भादंवि के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
इनका कहना है-तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मड़ई गांव निवासी एक व्यक्ति की मौके पर मोत हो गई है। दूसरे ट्रक में सवार ड्राइवर व हेल्पर को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद दुर्घटना करने वाले ट्रक का ड्राइवर व हेल्पर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।
एमपी चौधरी एसआई पुलिस थाना लखनादौन