सिवनी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। संघ लोक सेवा आयोग में चयनित उम्मीदवारों का सम्मान समारोह गत दिवस भोपाल में आयोजित किया गया। आनलाइन कार्यक्रम के जरिए स्कूली छात्रों के साथ संघ लोक सेवा आयोग में चयनित उम्मीदवारों द्वारा चर्चा कर सफलता के टिप्स दिए। एनआईसी कक्ष से आनलाइन के जरिए जुड़कर सिवनी के स्कूली छात्रों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर भविष्य में सफलता के मंत्र पर मंथन कर प्रेरणा ली। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक शिवराज सिंह कुमरे, एपीसी विपनेश जैन, प्राचार्य पीएन वारेश्वा, विजय शुक्ला, एएस खान, सुनीता ओसवाल, प्रभात मिश्रा, जितेश्वरी देशमुख सहित उत्कृष्ट स्कूल, एमएलबी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, उर्दू स्कूल के छात्र शामिल हुए।
मक्का किसानों की बढ़ी चिंता, फसल तैयार नहीं मिल रहा सही दाम
सिवनी (नईदुनिया प्रतिनिधि)। गत वर्ष कोरोना के कहर के बीच मक्का की फसल को बेचने किसान दर-दर भटका था किन्तु बाजिब दाम कहीं नहीं मिले और मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दाम पर बेचना पड़ा था। खेत की तैयार करने, कीटनाशक व डीजल का दाम आसमान है। फलस्वरूप बाजार में मिल रहे दाम से लागत भी नहीं निकली थी। इस वर्ष भी यही स्थिति रही तो किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने मक्के की एमएसपी में मामूली बढ़ोत्तरी कर 1870 न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है लेकिन मध्यप्रदेश सरकार ने मक्का को सरकारी खरीद की सूची हटा दिया है। इस मामले में ओबीसी महासभा सहित नाराज किसानों द्वारा मक्के की एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग पर चरणबद्घ आंदोलन किया जा रहा है। जिले में करीब 2 लाख हेक्टेयर रकबे में मक्का फसल लगी हैं, बिकने के लिए तैयार हो गई हैं। किसानों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के चलते किसान ने सोयाबीन की जगह मक्के की फसल को अपनाया लेकिन सरकार के सौतेले व्यवहार के कारण जिले का किसान चिंतित है। ओबीसी महासभा किसान मोर्चा ने 23 सितंबर को राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर मक्के की एमएसपी पर सरकारी खरीदी सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चरणबद्घ आंदोलन की चेतावनी दी थी।