सिवनी, नईदुनिया प्रतिनिधि। भोमा-सिवनी के बीच पूर्ण हुए रेल इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य का गहन निरीक्षण करने शुक्रवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मुख्यालय के प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता (पीसीइइ) रामेंद्र कुमार तिवारी सहित नागपुर रेलवे मंडल के अधिकारी सिवनी पहुंचे। सुबह करीब 11.30 स्टेशन के निर्माण कार्यों व यात्री सुविधाओं का अधिकारियों ने जायजा लिया। सड़क मार्ग से नागपुर से आए अधिकारी सिवनी स्टेशन पर मौजूद स्वचलित निरीक्षण यान के अलावा डीजल-इलेक्ट्रिक इंजन सहित तीन डिब्बों वाली विशेष ट्रेन से सिवनी से रवाना होकर दोपहर करीब 12.20 बजे भोमा पहुंच गए। यहां पर उन्होंने करीब एक घंटे तक स्टेशन व प्लेटफार्म का निरीक्षण किया। करीब 1.20 बजे भोमा से रवाना हुई स्पेशल ट्रेन में पीसीइइ तिवारी व अन्य अधिकारी इलेक्ट्रिफिकेशन कार्य का निरीक्षण करते हुए दोपहर करीब 3.30 बजे सिवनी स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ट्रेन को रोककर अधिकारियों ने इलेक्ट्रिफिकेशन के कामों का जायजा लिया। भोमा से सिवनी के बीच बिठली, बरघाट नाका गेट, रैक पाइंट सहित विभिन्न स्थानों पर ट्रेन को रोका गया।
अब फुल स्पीड पर दौड़ेगी ट्रेन
सिवनी स्टेशन पहुंचने के बाद सभी अधिकारी कर्मचारी भोजन करने चले गए। बताया गया कि वापस आने के बाद सिवनी स्टेशन से रैक पाइंट तक डीजल इंजन से पहुंचने के बाद इलेक्ट्रिक इंजन से भोमा तक स्पीड ट्रायल किया जाएगा। सिवनी से अधिकतम 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से इंजन को दौड़ाया जाएगा।
सीआरएस नहीं है
सिवनी में तीन-चार दिन से भोमा-सिवनी के बीच सीआरएस होने की जानकारी इंटरनेट मीडिया सहित अन्य माध्यमों से फैलाई जा रही है। पाठकों के लिए यहां यह जानकारी दी जाना जरूरी है कि यह सीआरएस नहीं है। यह निरीक्षण भोमा-सिवनी के बीच 25 केवी एसी ट्रेक्शन को लेकर हो रहा है। निरीक्षण के साथ ही भोमा-सिवनी के बीच पोलों पर खींचे गए तारों में हजारों केवी का करंट दौड़ना शुरू हो जाएगा, ताकि तारों की चोरी न हो।