
सिवनी (नईदुनिया प्रतिनिधि). जिले की उपतहसील उगली का पांडिया छपारा हायर सेकंडरी स्कूल के विद्यार्थी बीते कई माह से पेयजल समस्या का सामना कर रहे हैं।लंबे इंतजार के बाद भी स्कूली बच्चों की समस्या का अब तक निराकरण नहीं हो सका हैं।हालाकि समस्या का निराकरण करने क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री ने भी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पत्र लिखाकर नलकूप खनन कराने कहा हैं, लेकिन अब तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका हैं।पांडिया छपारा स्कूल में 10 से 12 किमी दूर से छात्र छात्राएं पढ़ने आते हैं।स्कूल में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या करीब 800 हैं।संस्था प्रमुख ने बताया कि स्कूल में वनांचल ग्रामीण क्षेत्र से छात्र छात्राएं अध्ययन करने आते हैं।विद्यालय परिसर में पेयजल सुविधा उपलब्ध न होने से बच्चों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।मेरे द्वारा कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को पेयजल की जटिल समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा हैं।
23 सितंबर को भाजपा मंडल अध्यक्ष उगली के माध्यम से क्षेत्रीय विधायक को लिखित सूचना दी गई।इसके बाद पीएचई विभाग के केवलारी एसडीओ बीएस हरिनखेडे ने स्कूल का निरीक्षण किया और जल्द पेयजल समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ।बाद में क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को लिखित सूचना भेजकर पेयजल की गंभीर समस्या से अवगत कराया गया।इस पर संज्ञान लेते हुए सांसद कुलस्ते ने 12 नवंबर को पीएचई विभाग के अधिकारियों को नलकूप खनन करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका हैं।पीएचई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं।
पीएचई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पूर्व में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में नलकूप खनन के लिए बजट आवंटित किया जाता था, बीते तीन सालों से विभाग ने बजट आवंटित करना बंद कर दिया हैं, जिसके कारण स्कूलों में नलकूप खनन करने में विभाग को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा हैं।वरिष्ठ कार्यालय से स्वीकृृति मिलने के बाद किसी भी स्कूल में नलकूप खनन करना संभव हैं।
उगली में कांपी धरती, ग्रामीणों में मची हलचल
सिवनी। जिले के केवलारी तहसील के उगली क्षेत्र में बुधवार 15 दिसंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे धरती के कांपने से ग्रामीणों में हलचल मच गई हैं।हालाकि चंद सेकंड में कंपन शांत हो गया, जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 8.20 बजे उगली व आसपास के गांव में भूकंप जैसे हल्के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद ग्रामीणों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।सरेखा कला, खैरी, मोहगांव, ढुटेरा, घूरवाड़ा व दामी झोला इत्यादि क्षेत्र के लोगों ने झटके महसूस किए।नायब तहसीलदार इमरान मंसूरी ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली हैं।इसकी जानकारी जिले के कंट्रोल रूम को दे दी गई हैं।ग्रामीणों को घबराए बिना सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही हैं।