सिवनी के निलंबित ASP और SDOP भोपाल अटैच, 5 को जबलपुर बुलाया, गांजा कांड में जांच पर उठ रहे सवाल
होटल में प्रेमी युगल को गांजा के केस में फंसाने की धमकी देने वाले पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:26:38 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:26:38 PM (IST)
HighLights
- जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई है
- विधायक ने भी स्वीकारा, की थी सिफारिश
- होटल कांड में अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की जांच की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। होटल में प्रेमी युगल को गांजा के केस में फंसाने की धमकी देने वाले पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गृह विभाग की अवर सचिव अन्नू भलावी ने बुधवार को इस मामले के मुख्य किरदार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक मिश्रा व एसडीओपी चंचलेश मरकाम का निलंबन आदेश जारी कर दोनों को पुलिस मुख्यालय भोपाल अटैच कर दिया है।
वहीं जबलपुर आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी, एएसपी के आरक्षक ड्राइवर कृष्ण परते, गनमैन सलमान खान व यातायात प्रभारी विजय बघेल को निलंबित कर रक्षित केंद्र जबलपुर अटैच किया है।
जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है
इस मामले की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी राकेश कुमार सिंह को सौंपी गई है, जो पूर्व में एएसपी दीपक मिश्रा के साथ पदस्थ रह चुके हैं। ऐसे में जांच पर ही सवाल उठ रहे हैं। यह भी सामने आया है कि भोपाल में शिकायत करने वाले सिवनी से भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने ही दीपक मिश्रा की पदस्थापना कराई थी।
विधायक ने भी स्वीकारा, की थी सिफारिश
एएसपी दीपक मिश्रा सिवनी जिले में बीते डेढ़ दशक के दौरान घंसौर थाना प्रभारी, कोतवाली थाना प्रभारी के अलावा खवासा बार्डर में आरटीओ और लखनादौन एसडीओपी के तौर पर पदस्थ रहे। जुलाई 2025 में सिवनी एएसपी बनाने के लिए मिश्रा ने विधायक से अनुशंसा पत्र लिखवाया था।
लखनादौन एसडीओपी रहते समय मुनमुन राय उनसे काफी प्रभावित थे। विधायक ने भी स्वीकार किया है कि उन्होंने मिश्रा के लिए सिफारिशी चिट्टी लिखी थी। यह भी एक संयोग है कि छिंदवाड़ा डीआईजी राकेश सिंह चार साल पहले तक सिवनी के एसपी रहे थे। उस दौरान एएसपी दीपक मिश्रा लखनादौन में एसडीओपी के पद पर तैनात थे।
सरकार पर हमलावर विपक्ष
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जीतू पटवारी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि पुलिस की गुंडागर्दी भाजपा सरकार के राज में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है। जब रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो आम आदमी कानून और न्याय के लिए आखिर किसके पास जाए।
होटल कांड में अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की जांच की मांग
गुरुवार को अधिवक्ता व बजरंग दल ने डीआईजी को पत्र सौंपकर होटल कांड में अन्य पुलिस कर्मियों की संलिप्तता की जांच की मांग भी की है। कुछ अधिवक्ताओं ने बुधवार को राज्यपाल, मुख्यमंत्री व डीजीपी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए एसपी कृष्ण लालचंदानी को जिले से हटाने की मांग उठाई।
बता दें कि इससे पहले अक्टूबर 2025 हवाला कांड में करीब तीन करोड़ रुपये की संगठित लूट ने सिवनी पुलिस की किरकिरी कराई थी। इस मामले में एसडीओपी पूजा पांडे समेत 11 पुलिसकर्मी नपे थे।