
Seoni News : चौरई सिवनी, नई दुनिया प्रतिनिधि। स्कूल में तिलक लगाकर आए दो छात्रों को स्कूल के टीचर ने धमकाया। इसके विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने सिवनी हाईवे जाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ है। हिंदूवादी संगठन टीचर पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इधर छात्रों का कहना है कि महिला टीचर ने हाथ पर गोदना से लिखे राम नाम को भी मिटाने को कहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चौरई के झिलमिली स्थित डीपी मिश्रा स्कूल में तिलक लगाकर स्कूल आने वाले बच्चों को टार्चर करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर हिंदूवादी संगठनों ने सोमवार को स्कूल प्रांगण के बाहर जोरदार प्रदर्शन करते हुए संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की है। दरअसल कक्षा नौवीं के छात्र सूर्य वर्मा सहित एक अन्य छात्र ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह रोजाना तिलक लगाकर स्कूल आते हैं। इसको लेकर स्कूल की शिक्षिका खान मैडम ने उन्हें तिलक लगाकर स्कूल ना आने की बात कहते हुए धमकाया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि उसके हाथ में गुदना से राम नाम लिखा है जिस को मिटाने के लिए भी मैडम ने कहा। ऐसे में छात्रों ने अपने स्वजनों से इसकी शिकायत की। वहीं हिंदूवादी संगठनों ने इसकी जानकारी लगते ही सोमवार को स्कूल प्रांगण के बाहर प्रदर्शन किया।वहीं हाइवे को भी जाम कर दिया। हालांकि बाद में तहसीलदार और थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाई देकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब प्रदर्शन शांत हुआ।
शिक्षिका फरहत खान का कहना था कि छात्र जो आरोप लगा रहा है वह उस बच्चे को जानती तक नहीं है। मैडम का यह भी दावा है कि जो बच्चा आरोप लगा रहा है वह उनका नाम तक नहीं जानता वह मेरी क्लास का बच्चा भी नहीं है। इस मामले को लेकर स्कूल की ही दूसरी शिक्षिका नायक सफाई देते हुए अपने ही बयान में फंस गई। दरअसल उनका यह कहना था कि उन्होंने मना किया था कि बड़ा तिलक ना लगाएं जबकि दूसरी शिक्षिका कह रही है कि तिलक लगाने को लेकर कोई भी बात नहीं की गई है।