
Seoni News : नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी। पूरी दुनिया में हीटवेव तापमान का रिकार्ड तोड़ रहा है। हीटवेव की इस समय जो स्थिति है, वह लोगों को डरा रही है। आम लोगाें के साथ जंगल के पशु-पक्षी भी इससे अछूते नहीं है। बढ़ते तापमान के बीच पेंच टाइगर रिजर्व के खवासा बफर जंगल में अत्याधिक गर्मी के चलते 250 से ज्यादा चमगादड़ की मौत हो गई है। वन परिक्षेत्र खवासा के राजस्व क्षेत्र में बंजारी नाला के पास पेड़ के आसपास बड़ी संख्या में चमगादड़ मृत पाए गए हैं। पेंच प्रबंधन ने दो चमगादड़ के सैंंपल सुरक्षित रखे हैं। शेष सभी चमगादड़ को एकत्रित कर जला दिया गया है।
पेंच टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह ने बताया कि 30 मई को वन परिक्षेत्र खवासा (बफर) के राजस्व क्षेत्र में अमृतवन रिसोर्ट के सामने बंजारी नाला के पास करीब 250 चमगादड़ मृत पाए गए। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचकर वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी से मृत चमगादड़ाें का परीक्षण कराया गया। साथ ही स्थल का निरीक्षण किया गया, जांच में चमगादड़ाें की मौत अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक से होना पाया गया। वन अमले ने निर्धारित प्रोटोकाल के तहत मृत चमगादड़ के शव जला दिए हैं।
नौतपा के पांचवें दिन बुधवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालाकि 30 मई को तापमान में 2 डिग्री की गिरावट के साथ 42 डिसे दर्ज किया गया था। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.6 डिसे दर्ज किया गया।