
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के अमलाई क्षेत्र में शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। कार्मल कान्वेंट स्कूल के आगे मुख्य मार्ग पर ईंट-भट्ठा की ट्रेलर गाड़ी से मैजिक वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण टक्कर में मैजिक चालक 20 वर्षीय मोनू कोरी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए।
मृतक की पहचान बकहो के लखन दफाई निवासी मोनू कोरी पिता सूर्यभान कोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोनू अपना मैजिक वाहन लेकर मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान कार्मल कान्वेंट स्कूल के आगे खड़ी या आ रही ट्रेलर गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और मोनू उसी में फंस गया। लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मोनू के बारे में स्थानीय लोगों ने बताया कि वह स्कूल वैन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ना और दोपहर में घर पहुंचाना ही उसका काम था। महज 20 साल की उम्र में वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां, पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे लखन दफाई गांव में मातम छाया हुआ है। रविवार को गांव में शोक की लहर देखी गई। लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ट्रेलर गाड़ी और मैजिक वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। ट्रेलर चालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि यह हादसा कोई अचानक हुई घटना नहीं है, बल्कि एनएचएआई और पुलिस-यातायात प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। हाईवे को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखना एनएचएआई की जिम्मेदारी है, लेकिन अमलाई क्षेत्र में ऐसा होता दिखाई नहीं देता।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि एनएचएआई की उदासीनता और पुलिस की अनदेखी के कारण मुख्य सड़कें भारी ट्रेलरों की स्थायी पार्किंग बन चुकी हैं। श्रीवास्तव चौराहा से लगभग एक किलोमीटर के दायरे में एनएच-43 के दोनों तरफ भारी ट्रेलर बेतरतीब खड़े रहते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई आधी रह जाती है और दो वाहन एक साथ निकलना मुश्किल हो जाता है।
इसी तरह बकहो स्थित शारदा ओसीएम में कोयला लोड करने आने वाले ट्रेलर भी एनएच-43 पर ही कतार लगाकर खड़े कर दिए जाते हैं। बकहो के इंद्रानगर स्थित कोल साइडिंग के कोयला लोड भारी ट्रेलर स्टेट हाईवे पर खड़े रहते हैं, जिससे मार्ग और संकरा हो जाता है। रात के समय बिना लाइट और बिना रिफ्लेक्टर के खड़े ये ट्रेलर मौत का जाल बन जाते हैं। दूर से अंदाजा नहीं लगता कि आगे वाहन खड़ा है या चल रहा है।
सबसे ज्यादा चिंता स्कूली बच्चों को लेकर है। सुबह के समय इन्हीं व्यस्त और अवरुद्ध सड़कों से सैकड़ों स्कूली बच्चे पैदल, साइकिल और स्कूली वैन के माध्यम से गुजरते हैं। सड़क के दोनों ओर खड़े विशालकाय ट्रेलरों के कारण आगे का रास्ता ठीक से दिखाई नहीं देता। ब्लाइंड स्पॉट बन जाता है, जिससे हर समय बड़े हादसे का डर बना रहता है। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय चिंतित रहते हैं। कार्मल कान्वेंट स्कूल के सामने ही हुआ यह हादसा इसी खतरे को उजागर करता है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि एनएचएआई और जिला प्रशासन तत्काल संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे व स्टेट हाईवे से इन भारी वाहनों को हटवाए। ट्रेलर चालकों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाए। सड़क किनारे खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाया जाए और रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। मोनू की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और अब लोग प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।