
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। ब्यौहारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। वीआईपी कार्ड लेकर कार्यक्रम स्थल के डोम में मंच के सामने बैठे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान अचानक झंडे दिखाए। इससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर हलचल मच गई।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और उनके पास से काले झंडे जब्त किए। सभी को थाने ले जाया गया। नौ कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और सोमवार शाम उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में अपराध भी दर्ज किए जाने की जानकारी है। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की चार मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इनमें ब्यौहारी की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को 27 प्रतिशत आरक्षण और ब्यौहारी को जिला घोषित करना शामिल है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की जरूरत है तथा ब्यौहारी को जिला बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान काले झंडे दिखाए। प्रदर्शन के बाद सभी नौ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।