किराए को लेकर विवाद में बॉबी ट्रैवल्स के संचालक पिता-पुत्र ने मां-बेटे और रिश्तेदार को पीटा
रीवा होटल के सामने वाहन किराए को लेकर विवाद हो गया, जिसमें बॉबी ट्रैवल्स संचालक सुनील लामा और उनके पुत्र प्रथम लामा ने मां-बेटे और एक रिश्तेदार के साथ मारपीट की है।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 07:30:00 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 07:36:34 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो एआई से बनाई गई है।HighLights
- दोनों आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर
- 16 हजार में आने-जाने का किराया तय हुआ था
- अतिरिक्त पैसा मांगने पर विरोध किया तो मारपीट
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। संभागीय मुख्यालय में गुरुवार की सुबह रीवा होटल के सामने वाहन किराए को लेकर विवाद हो गया, जिसमें बॉबी ट्रैवल्स संचालक सुनील लामा और उनके पुत्र प्रथम लामा ने कोतमा निवासी कार्तिकेय वाजपेई पिता स्वर्गीय मनीषचंद्र वाजपेई एवं इनकी मां अनीता वाजपेई और इनकी एक रिश्तेदार ममता शुक्ला पत्नी बसंत शुक्ला निवासी इलाहाबाद के साथ मारपीट की है।
दोनों आरोपितों पर अपराध दर्ज कर
कार्तिकेय वाजपेई की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार कार्तिकेय वाजपेई के मामा का चिकित्सालय में निधन हो गया था। यहां से शव का अंतिम संस्कार के लिए इलाहाबाद गए थे।
16 हजार में आने-जाने का किराया तय हुआ था
शव ले जाने के लिए बॉबी ट्रैवल्स से 16 हजार रुपये में किराए से वाहन लिया था। वाहन ले जाते समय बीच रास्ते में वाहन चालक ने 2 हजार 500 रुपये का ईंधन डलवाया था और आने के बाद यहां भी सुनील लामा 3 हजार रुपये और मांग रहा था, जबकि 16 हजार रुपये में आने-जाने का किराया तय हुआ था।
अतिरिक्त पैसा मांगने पर विरोध किया तो मारपीट का आरोप
अतिरिक्त पैसा मांगने पर कार्तिकेय एवं उनके स्वजन ने विरोध किया और अधिक पैसा देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर बहस हुई तो सुनील लामा और उनके पुत्र प्रथम लामा मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान पुलिस को बुलाया गया तब मामला शांत हुआ।