
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले में पहली बार किसान काबुली चने की खेती करेंगे। इसके लिए हर ब्लाॅक के कुल 30 किसानों का चयन किया गया है।
प्रत्येक किसान एक-एक एकड़ में बतौर नवाचार इस सीजन में गेहूं-चने के साथ काबुली चने की खेती भी करेंगे।अनुदान पर प्रत्येक किसान को बीज दिया जा रहा है। कुल चार क्विंटल बीज उपलब्ध है, जिसे किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
कृषि विभाग का मानना है कि शहडोल की मिट्टी और जलवायु में काबुली चने की खेती की संभावना है। इसी संभावना को ध्यान में रखते हुए पहली बार जिले में इस फसल को नवाचार के रूप में कराया जा रहा है। यदि इस सीजन में उत्पादन अच्छा मिला और किसानों की रुचि बढ़ी, तो अगले साल इसका रकबा बढ़ाया जाएगा।
कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के डीडीओ ओएस वर्मन ने बताया कि नवाचार के तौर पर इस साल किसानों से काबुली चने की खेती कराई जा रही है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रही और किसानों की रुचि बढ़ी तो अगले साल रकबा बढ़ाया जाएगा। किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। यहां काबुली चने की खेती की संभावना है, उसको ध्यान में रखते हुए पहली बार खेती कराई जा रही है।
इसके पहले नवाचार के तौर पर पिछले सीजन में चिया की खेती भी शहडोल में कराई गई थी, जिससे अच्छा उत्पादन मिला था और किसानों की खेती में रुचि बढ़ी है। चिया की खेती ने किसानों को नई फसलों की ओर आकर्षित किया था।
कई किसानों ने पहली बार परंपरागत फसलों से हटकर चिया की खेती की और उन्हें उत्पादन भी अच्छा मिला। इससे जिले में नवाचार की खेती को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।
किसानों के सामने बाजार की समस्या आ रही है, क्योंकि शहडोल में चिया के खरीदार ही नहीं मिल रहे हैं और जो खरीदी करते हैं, वह सही दाम नहीं दे रहे हैं। यहां आसपास ऐसी कोई मंडी भी नहीं है, जहां किसान सीधा अपना उत्पादन लेकर विक्रय करने पहुंच सकें।
यही वजह है कि अच्छा उत्पादन होने के बाद भी किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया। काबुली चने के मामले में विभाग का कहना है कि इसकी मांग बाजार में हमेशा बनी रहती है। देशभर में काबुली चने की खपत अधिक है और इसके दाम भी सामान्य चने की तुलना में बेहतर मिलते हैं। ऐसे में किसानों को बाजार की समस्या कम होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- 'हर बेदखली में किरायेदारी समाप्ति का नोटिस जरूरी नहीं', हाई कोर्ट ने खारिज की किरायेदार की अपील