
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिला अस्पताल पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक सुशील पटेल पर नाबालिग किशोरी के गर्भवती होने की पुलिस सूचना दबाने और आरोपी पक्ष से 20 हजार रुपये में सौदा तय करने का आरोप लगा है। आरक्षक के कथित ऑडियो सामने आए हैं, जिनमें वह रुपये देने का दबाव बनाते और तहरीर घर ले जाने की बात करता सुनाई देता है। इन ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला जयसिंहनगर थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का है। किशोरी करीब आठ माह की गर्भवती थी। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए थे। जांच में डॉक्टरों को पता चला कि वह नाबालिग और अविवाहित है। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना देकर तहरीर तैयार की। आरक्षक ने 17 तारीख को तहरीर प्राप्त की थी।
आरोप है कि इसके बाद आरक्षक ने पीड़ित परिवार से संपर्क किया और आरोपित पक्ष की जानकारी लेकर उसके रिश्तेदार के जरिए बातचीत शुरू की। कथित तौर पर 20 हजार रुपये में मामला तय हुआ और 10 हजार रुपये लेने के बाद पुलिस सूचना की तहरीर दबा दी गई।
बदनामी के डर से परिवार ने शुरुआत में शिकायत नहीं की। दो दिन बाद परिचित के समझाने पर परिवार शिकायत के लिए तैयार हुआ। अस्पताल चौकी के अन्य पुलिसकर्मियों को जानकारी मिलने पर उन्होंने प्रक्रिया पूरी कर थाना प्रभारी को बताया। जयसिंहनगर पुलिस ने सोहागपुर थाने से संपर्क कर शून्य पर अपराध दर्ज कराया।
कथित ऑडियो में आरक्षक तहरीर घर ले जाने, अन्य पुलिसकर्मियों को जानकारी न देने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से दोबारा तहरीर जारी कराने की बात करता सुनाई देता है। सीएसपी मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे ने कहा कि ऐसा करना गंभीर लापरवाही है और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत पर वैधानिक कार्रवाई होगी। मामले की जांच जारी है।