
-शहडोल के आदिवासी गांव बैरिहा का मामला
शहडोल। ब्यूरो
जिले के खैरहा के ग्राम पंचायत धमनी के आदिवासी बाहुल्य बैरिहा गांव में दो दिन के अंदर बुखार से तीन मौतें हुई हैं। मृतकों में ननद और भाभी भी शामिल हैं। गांव में बुखार से 16 लोग बीमार भी है। पहले उल्टी-दस्त की शिकायत मिली थी, मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने जांच के बाद बुखार से मौत की बात कही है। मृतकों में मीरा कोल पत्नी सोनू कोल (20), कुमारी गोलू पिता राजन कोल (18) और बैगा कोल पिता खम्तरिया कोल (75) शामिल हैं।
पूरे गांव के लोगों की होगी जांच
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिंहपुर के डॉ. वाईके पासवान के नेतृत्व में गांव में टीम इलाज में लगी हुई है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूरे गांव के लोगों को रविवार को खैरहा के अस्पताल में बुलाया गया है, यहां सबकी जांच की जाएगी।
वर्जन
बैरिहा में उल्टी दस्त का कोई प्रकोप नहीं है। बुखार व खून की कमी के चलते जो पहले से ही बीमार थे उनकी मौत हुई है। गांव में टीम पहुंच गई है और खून की जांच कर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। संयोग है कि दो दिन के अंदर तीन लोगों की मौत हो गई, बाकी कहीं कोई गंभीर बीमारी नहीं है। मौसमी बुखार ही है जिसका इलाज कराया जा रहा है।
डॉ. एपी द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी, शहडोल