
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। बुधवार को शहर में ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को ऐसा झंडा लहराते हुए पकड़ा गया, जिसमें उर्दू में कुछ लिखा था, जिसे कलमा बताया जा रहा है। यह झंडा तिरंगे के आकार का था, जिसमें अशोक चक्र के स्थान पर कलमा अंकित था।
सूत्रों के अनुसार, जुलूस सोहागपुर की ओर से निकल रहा था, तभी पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की नजर इस झंडे पर पड़ी। अधिकारियों को संदेह हुआ कि यह तिरंगे का अपमान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को झंडे के साथ पकड़ लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया।
कोतवाली पुलिस ने झंडा और व्यक्ति को जब्त कर लिया है। अब झंडे की जांच की जा रही है कि क्या इसमें आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। यह झंडा सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है, जिससे विभिन्न चर्चाएं उत्पन्न हो रही हैं।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में मिली 1500 साल पुरानी दुर्लभ मूर्ति, एक ही शिवलिंग में दिखे भगवान ब्रह्मा, विष्णु, शक्ति और सूर्य
एसडीएम सोहागपुर, अमृता गर्ग ने बताया कि झंडा और व्यक्ति को चिन्हित कर जब्त कर लिया गया है। लोक अभियोजन अधिकारी से झंडे की जांच कराई जा रही है। यदि यह तिरंगे के अपमान की श्रेणी में आता है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला गंभीर है और इसकी बारीकी से जांच की जाएगी।