नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई। यहां घर में सो रहे पति-पत्नि को जहरीले सांप ने काट लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। यह घटना कोठीताल गांव की है। घटना के बाद पत्नी को इसकी जानकारी लगी, जिसके बाद उसने पति को जगाया, लेकिन वह जब तक बेहोश हो चुका था।
इसके बाद पत्नी ने घर के बगल में रह रहे अपने एक रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल में दोनों ने दम तोड दिया। पुलिस ने बताया कि पति ईश्वरभान पलिहा (23) एवं पत्नी सुषमा पलिहा (20)की इस घटना में मौत हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों पति-पत्नि घर में सोए हुए थे, तभी जहरीले सांप ने इन्हें काट लिया और उपचार के दौरान इनकी मौत हो गई है। परिजनों के अनुसार ईश्वरभान का विवाह गांव के पास की रहने वाली सुषमा के साथ पिछले साल हुआ था। घर में सोते वक्त दोनों को जहरीले सांप ने काटा, जिससे पति बेहोश हो गया। पत्नी को जब कुछ समझा आया तब उसने बंगल में रह रहे अपने रिश्तेदार को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद निजी वाहन से दोनों को परिजनों ने जैतपुर अस्पताल लाया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई है। जैतपुर थाना प्रभारी जिया उल हक ने कहा मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बता दें कि बीते साल कोठीताल गांव में जहरीले कीड़े के काटने से तीन लोगों की मौत हुई थी। यह गांव चारों तरह से जंगलों से घिरा है। जिससे आस पास कई जहरीले कीड़े एवं सांप यहां रहते है। जिसके काटने से अब पति-पत्नि की मौत हुई है।