
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के राजस्व विभाग की प्रतिष्ठा को धूमिल करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। सोहागपुर तहसील के हल्का नंबर 72 में कार्यरत पटवारी आशीष सोनकर पर एक बेसहारा अनाथ युवती ने पद के दुरुपयोग, रिश्वतखोरी और व्हाट्सएप पर अश्लील बातचीत कर शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता ने इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और चैट स्क्रीनशाॅट के साथ कलेक्टर को लिखित शिकायत दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है और उसकी पुश्तैनी जमीन ग्राम पंचायत चापा में है। उसने जमीन संबंधी कार्य और जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पटवारी आशीष सोनकर से संपर्क किया था। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि काम के बदले उससे 20 हजार रुपये की मांग की गई, जिसमें से 15 हजार रुपये नकद लिए गए।
युवती का कहना है कि पटवारी ने उसे होटल में बुलाने और आपत्तिजनक बातें करने का प्रयास किया, जिसे उसने शासकीय पद का दुरुपयोग और मानसिक शोषण बताया। विरोध करने पर उसके जमीन संबंधी कार्य रोक दिए गए और जाति प्रमाण पत्र भी नहीं बनाया गया।
युवती ने पटवारी के सहयोगी रवि पर शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसने दोबारा साक्ष्य के साथ शिकायत कर व्हाट्सएप चैट की जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के RDV में छात्रों का हंगामा, पेपर में सिलेबस से बाहर के सवाल पूछने पर भड़के, कहा- हमें नया सिलेबस पढ़ाया गया