
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के पैलवाह गांव में रविवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। विधवा महिला के घर मिलने आए एक अधेड़ की पड़ोसी युवक ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बृजनंदन केवट निवासी पैलवाह के रूप में हुई है, जबकि आरोपी युवक अभय बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बृजनंदन केवट रविवार दोपहर पैलवाह में रहने वाली विधवा महिला सावित्री के घर मिलने आया था। बताया जाता है कि दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक अभय वहां पहुंच गया। उसने अचानक बृजनंदन पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।
सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से बृजनंदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो गया था।
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले बृजनंदन और अभय के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें बृजनंदन ने अभय के साथ मारपीट कर दी थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते अभय बदला लेने की फिराक में था और रविवार को मौका देखकर उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
यह भी पढ़ें- झाबुआ से जुड़े 2934 करोड़ के कथित साइबर फर्जीवाड़े के तार, छोटे से रूपगढ़ गांव से देशभर के नेटवर्क तक पहुंची जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोहपारू थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा और महिला डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद सनसनी फैल गई है।