
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जनपद पंचायत बुढ़ार की ग्राम पंचायत टेंघा से छिनमार मार्ग में पीडब्ल्यूडी द्वारा करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया है। यह काम पूरा हो चुका है, लेकिन मार्ग के बीच नदी पर प्रस्तावित करीब 100 मीटर लंबी पुलिया का काम अब तक शुरू ही नहीं हो सका है।
गर्मी में तो किसी तरह ग्रामीण नदी पार कर लेते हैं, लेकिन बारिश में नदी का जलस्तर बढ़ते ही रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें घंटों पानी कम होने का इंतजार करना पड़ता है। कई बार जरूरी काम होने के बावजूद लोग नदी के दूसरी तरफ फंस जाते हैं।
लोगों का आरोप है कि निर्माण की प्राथमिकता ही उलट दी गई। पहले नदी पर पुलिया बननी चाहिए थी ताकि सड़क का आवागमन निर्बाध हो सके, लेकिन यहां सड़क तो तैयार कर दी गई और सबसे जरूरी हिस्से को अधूरा छोड़ दिया गया।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच करके ही बताया जा सकता है कि किस ठेकेदार ने काम किया और क्यों पुलिया नहीं बनाई।