शहडोल, नईदुनिया प्रतिनिधि। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं पर स्वयंसेवकों ने आज सुबह दंड प्रहार का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विजय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। गौरतलब है कि 16 दिसंबर 1971 के दिन भारत-पाकिस्तान के युद्ध के दौरान भारत को ऐतिहासिक सफलता मिली थी और पाकिस्तान के लगभग 93000 सैनिकों को भारतीय सैनिकों के सामने समर्पण करना पड़ा था। इसी विजय को याद करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले कई वर्षों से दंड प्रहार का आयोजन कर रहा है।
इस वर्ष भी संघ की शाखाओं पर सुबह के समय दंड प्रहार के आयोजन किए गए। एक अनुमान के मुताबिक शहडोल जिले की 52 शाखाओं में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पांच लाख से अधिक दंड प्रहार स्वयंसेवकों ने लगाए। जिला मुख्यालय के पांडव नगर स्थित पांडव शाखा में तकरीबन 15000 दंड प्रहार लगाए गए। यहां पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं प्रांत सेवा प्रमुख डॉ सुरेंद्र कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। भगवा ध्वज लगाकर संघ के स्वयंसेवकों ने दंड प्रहार लगाए और इसके बाद प्रार्थना की।
Bus Accident in Dhar: धार जिले में बदनावर के पास बस पलटी, 14 यात्री हुए घायल https://t.co/Gzvlkcsjmc#Dhar #MadhyaPradesh #MPNews #Naidunia pic.twitter.com/BOPQutcAqC
— NaiDunia (@Nai_Dunia) December 16, 2022
इस मौके पर डॉ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने विजय दिवस को विशेष तौर पर मनाया है और पूरे देश में संघ की शाखाओं पर आज के दिन दंड प्रहार के आयोजन किए गए हैं। इस अवसर पर प्रांत वनांचल प्रमुख रविकांत मौजूद रहे।
महाकौशल प्रांत में तीन करोड़ का लक्ष्य
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत शारीरिक प्रमुख गंगाराजू पांडे ने बताया है कि महाकौशल प्रांत में विजय दिवस के दिन तीन करोड़ दंड प्रहार का लक्ष्य रखा गया था। अब हर जगह से जानकारी आने के बाद ही पता चलेगा कि कितने दंड प्रहार लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल सवा करोड़ दंड प्रहार लगाए गए थे। इस बार यह संख्या बढ़ सकती है। उल्लेखनीय है कि महाकौशल प्रांत में संघ की दो हजार शाखाएं हैं और इन सभी शाखाओं में दंड प्रहार के आयोजन किए गए।