
शहडोल (नईदुनिया प्रतिनिधि)। उत्तर प्रदेश में अपराधियों की रूह कांप रही है और यही कारण है कि वह वहां से भागकर मध्य प्रदेश सहित आसपास के राज्यों में छिप रहे हैं। कानपुर के कुख्यात बदमाश विकास दुबे के गिरफ्तार होने के बाद उसके गुर्गे सहित अन्य बाहुबलियों के साथी अपनी जान बचाने के लिए यहां-वहां भाग रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के एक और बाहुबली अतीक अहमद अंसारी के साथी शॉर्प शूटर मोहम्मद अख्तर उर्फ बालम को मप्र के शहडोल से गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। मोहम्मद अख्तर शहडोल में कोनी तिराहा के पास स्थित रफीक खान नाम के एक व्यक्ति के घर में छिपा था।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने एक टीम बनाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभी इस मामले को लेकर कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। शहडोल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वह यहां किस कारण से आया? उसकी रफीक खान से क्या रिश्तेदारी या संबंध है?
इन सारी बातों का पुलिस पूछताछ करने के बाद खुलासा करेगी। पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ला ने बताया कि मोहम्मद अख्तर से पूछताछ जारी है। इसके बाद उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस को सौंप देंगे।