_202625_112128_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, शहडोल। जिले के सीधी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के बीच गहरे प्रेम और साहस को दर्शाने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। ग्राम तेन्दुडोल में कुएं में गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति को बचाने के लिए कुएं में कूदने वाली पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। मृतक गांव का पंच था।
पुलिस के अनुसार सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम तेन्दुडोल निवासी राकेश सिंह पुत्र दशरथ सिंह (32) गांव के पंच भी थे। अपने घर में स्थित कुएं से पानी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वे कुएं में गिर गए। घटना के समय उनकी पत्नी सुमिला सिंह कुएं के पास ही मौजूद थीं। पति को कुएं में गिरता देख सुमिला ने बिना कोई परवाह किए उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी।
कुएं से आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सुमिला सिंह को कुएं से बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन राकेश सिंह मौत हो गई है। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि राकेश सिंह की मौत कुएं में डूबने से हुई है। महिला को स्वजन और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।