नेशनल कबड्डी खेलने ओडिशा के पुरी गया शाजापुर का 15 वर्षीय बालक समुद्र में लापता
ग्राम किठौर निवासी 15 वर्षीय रितेश चावड़ा नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में खेलने के लिए पुरी, ओडिशा गया था, जहां समुद्र में लापता होने के बाद तीन दिन से उ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 03 Sep 2026 08:59:41 PM (IST)Updated Date: Thu, 03 Sep 2026 08:59:41 PM (IST)
बालक की समुद्र में तलाश जारी है। (एआई इमेज)HighLights
- समुद्र में लापता होने के बाद तीन दिन से उसकी तलाश जारी है
- निजी विद्यालय में कक्षा नौवीं का छात्र है
- 15 सदस्यीय टीम के साथ वह प्रतियोगिता में भाग लेने पुरी गया था
नईदुनिया न्यूज, सलसलाई (शाजापुर) : ग्राम किठौर निवासी 15 वर्षीय रितेश चावड़ा नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में खेलने के लिए पुरी, ओडिशा गया था, जहां समुद्र में लापता होने के बाद तीन दिन से उसकी तलाश जारी है।
जानकारी मिलने के बाद स्वजन और ग्राम पंचायत सरपंच सहित अन्य लोग पुरी पहुंचकर उसकी तलाश में जुटे हैं।
स्वजन के अनुसार रितेश सारंगपुर स्थित फ्यूचर निजी विद्यालय में कक्षा नौवीं का छात्र है। 27 अगस्त को इंदौर की संस्था के माध्यम से विद्यालय से चयनित 15 सदस्यीय टीम के साथ वह नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने पुरी गया था।
इसी दौरान समुद्र में उसके लापता होने की जानकारी स्वजन को मिली। रितेश के पिता रामबगस चावड़ा ने आरोप लगाया कि प्रतियोगिता के लिए भेजी गई टीम के साथ विद्यालय का एक भी शिक्षक नहीं गया था। उनका कहना है कि यदि विद्यालय की ओर से शिक्षक साथ होते तो संभवतः यह घटना नहीं होती।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही की जांच की मांग की है। प्राचार्य से मामले में चर्चा का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
सरपंच दिलीप पटेल ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वे दो दिन से पुरी में मौजूद हैं और पुलिस टीम के साथ समुद्र में रितेश की तलाश कर रहे हैं। लगातार खोजबीन के बावजूद अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। रितेश के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। मां की तबीयत खराब होने से उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कानड़ के तीन खिलाड़ियों का संभाग स्तर पर चयन
कानड़। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, आगर के तत्वावधान में 2 सितंबर को जिला स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कानड़ के पांच खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।
शानदार प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय के खेल शिक्षक गोपाल वर्मा ने बताया कि अंडर-19 वर्ग में सुनील सोलंकी का चयन , शॉटपुट, रिले स्पर्धाओं के लिए हुआ है। इसी वर्ग में अयान शाह का चयन रिले मीटर के लिए किया गया है।
वहीं अंडर-17 वर्ग में राज का चयन ट्रिपल जंप स्पर्धा के लिए हुआ है।खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह ठाकुर विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल शिक्षक गोपाल वर्मा ने बताया कि चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में आगर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए संभाग स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे।