
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर : दोपहिया वाहन रैली में दोनों हाथ छोड़कर बुलेट चलाने को लेकर शुक्रवार को कालापीपल थाना पुलिस ने कालापीपल विधानसभा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी पर चालानी कार्रवाई की। दरअसल विधायक खुद चार पहिया वाहन से थाने पहुंचे और चालान बनाया। उन्होंने चालान की राशि एक हजार रुपये का भुगतान किया। कार्रवाई खतरनाक ढंग से वाहन चलाने को लेकर की गई। इस दौरान शुजालपुर एसडीओपी निमेष देशमुख भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि गत मंगलवार को विधायक चंद्रवंशी का वीडियो इंटरनेट पर बहुप्रसारित हुआ था। जिसमें वह दोपहिया वाहन रैली में दोनों हाथ छोड़कर बुलेट मोटरसाइकिल चलाते दिखाई दिए। वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया आने के बाद विधायक चंद्रवंशी को गलती का एहसास हुआ।
उन्होंने वीडियो जारी कर बुलेट चलाते वक्त हाथ छोड़ने पर लोगों से माफी मांगी थी। शुक्रवार को चालानी कार्रवाई के दौरान प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने यही बात दोहराई। सीट बेल्ट लगाने और हेलमेट पहनने की भी आमजन से अपील की।
विधायक का वीडियो बहुप्रसारित होने पर शुजालपुर एसडीओपी निमेष देशमुख ने कहा था कि वीडियो की सत्यता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने विधायक चंद्रवंशी से भी संपर्क किया था। जिसमें उन्होंने वीडियो सही होने की बात स्वीकार कर कहा था कि अभी वह जिले से बाहर हैं। कहा था कि जो भी कार्रवाई होगी। उसको स्वीकार करूंगा। इसलिए मैं आज यहां आया और चालान भरा है।
विधायक ने कहा कि जोश और उत्साह में मेरे द्वारा दोनों हाथ छोड़ दिए गए थे। मैं सभी से क्षमा चाहता हूं। कहना चाहता हूं हम सभी नियमों का पालन करें। मैं भी नियमों का पालन करता हूं किंतु यात्रा के दौरान मेरे द्वारा उत्साह में ऐसा किया गया। ऐसा कोई भी न करें। मेरे द्वारा कोई स्टंट नही किया गया, युवाओं के साथ उत्साह में यह हुआ था। चालानी कार्रवाई के बाद वह बोले की जनप्रतिनिधियों के व्यवहार की लोग नकल करते हैं, इसलिए खुद थाने पहुंचकर कार्रवाई कराई, ताकि उनकी गलती से कोई प्रेरित न हो।