
Agar Malwa News:सुसनेर, आगर-मालवा। जनपद पंचायत सुसनेर के समीपस्थ ग्राम मोड़ी में राजस्थान की एक लड़की ने आकर डेरा डाल लिया था। वह गांव के निवासी युवक से शादी की जिद पर अड़ी थी। युवती के रवैये से लड़का और उसका परिवार परेशान होकर पुलिस की शरण में पहुंचा। पुलिस ने मामला जांच में लिया। साथ ही युवती के स्वजन से चर्चा की और युवती को भी समझाया गया। इस पर युवती अपने घर लौट गई।
ग्राम मोड़ी में राजस्थान के झालावाड़ से आई एक युवती ने अकेली आकर तीन, चार दिनों तक लड़के के घर के सामने डेरा डाले रखा। युवती गांव के लड़के से शादी के लिए जिद पर अड़ी रही। वेलेंटाइन डे के दिन ग्राम के बालचंद पंवार के घर उक्त युवती पहुंची और उनके लड़के से शादी की जिद करने लगी। इस पर लड़के के पिता और घरवालों ने युवती को समझाया किंतु वह अपनी जिद पर अड़ी रही। जिससे थकहार कर युवक ओर उसके पिता बालचंद पंवार ने सुसनेर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई।
सुसनेर पुलिस थाना प्रभारी अनिल कुमार मालवीय ने बताया कि सुसनेर थाने के ग्राम मोड़ी निवासी बालचंद पंवार अपने लड़के आकाश पंवार के विवाह के लिए दो वर्ष पूर्व झालावाड़ निवासी उक्त लड़की को देखने उसके घर गए थे। किसी कारणवश रिश्ते की बात नही बनी।
उसके बावजूद झालावाड़ निवासी उक्त युवती तब से ही फोन पर आकाश को परेशान कर रही है। जबर्दस्ती शादी के लिए दबाव बना रही थी। 14 फरवरी वेलेंटाइन डे के दिन युवती ग्राम मोड़ी में आकाश के घर आ धमकी। लड़की ने लड़के आकाश और उसके घर वालो को धमकी दी है कि शादी के लिए हां कर दे वर्ना वो आत्महत्या कर लेगी।

मामला थाने तक पहुंचने पर युवती को सुसनेर थाने भी ले जाया गया। किंतु थाने से बाहर आकर युवती फिर ग्राम मोड़ी पहुंचकर आकाश पर फिर से शादी का दबाव बनाने लगी। जिस पर आकाश एवं उसके परिवार वालों ने पहले सुसनेर थाने में आवेदन दिया फिर वो जिला मुख्यालय आगर पहुंचकर जिला पुलिस अधीक्षक को आवेदन देने पहुंचे।एसपी को शिकायती आवेदन दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा ही है।
ग्राम मोड़ी में राजस्थान के झालाबाड़ निवासी युवती द्वारा शादी करने की जिद करने को लेकर युवक और उसके पिता द्वारा शिकायत की गई है। मामले में पूरी जांच पड़ताल के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। - अनिल कुमार मालवीय, थाना प्रभारी सुसनेर।