आगर मालवा। बुधवार को टीकाकरण का महाअभियान सम्पन्न होने के बाद गुरुवार को जिले के 91 केंद्रों पर 10 हजार लोगों को कोरोना के टीके लगाए गए।
कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने के मामले में प्रदेश में दूसरे नंबर पर रहे आगर जिले में 1 लाख 79 हजार 140 लोगों को सेकंड डोज लगाया जा चुका है। बुधवार की तरह गुरुवार को भी नगर में स्वास्थ्य विभाग ने रोको-टोको अभियान चलाकर 80 लोगों को टीके लगाए।
6 लाख 6 हजार 724 को लगाया जा चुका है टीका : जिले में वैक्सीनेशन कार्य 16 जनवरी से शुरू हुआ था। अब तक जिले के 4 लाख 27 हजार 584 लोगों को पहला डोज लगाया जा चुका है। वहीं अब तक 1 लाख 79 हजार 140 लोगों को कोरोना की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। दूसरी डोज लगाने की शुरूआत 23 फरवरी से हुई थी। पहली डोज लगाने के लिए बार-बार जागरूकता अभियान चलाए गए तथा लोगों को सुरक्षा कवच देने के लिए महा अभियान का भी आयोजन किया गया। लोगों की सुविधा के लिए घर-घर जा कर भी टीके लगाए गए।
10 हजार लोगों को लगाया टीकाः गुरुवार को जिले के 91 केंद्रों पर 182 स्वास्थ्य कर्मियों ने करीब 10 हजार लोगों को टीका लगाया। लगातार अभियान चलाकर तथा लोगों को प्रेरित करके टीका लगाया जा रहा है। कलेक्टर अवधेश शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम अन्य विभागों के सहयोग से कार्य कर रही है। ज्ञात हो कि गत दिनों कलेक्टर अवधेश शर्मा ने ग्राम पंचायत स्तर पर उन लोगों की जानकारी इकट्ठी करने के निर्देश दिए थे, जिनकों दूसरा डोज लगाया जाना है।
बैंक में आए लोगों को लगाए टीके : स्वास्थ्य विभाग ने भारतीय स्टेट बैंक की नगर पालिका परिसर स्थित शाखा के बाहर रोको-टोको अभियान चलाया। बैंक में रूपये जमा करने तथा निकालने वाले लोगों के अलावा अन्य कार्य से आने वाले लोगों से जानकारी लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें परिसर में ही टीके लगाए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ राजेश गुप्ता ने बताया कि बैंक में आए 80 लोगों को टीके लगाए गए।
सेंकड डोज लेने में नही दिखा रहे लोग रुचिः कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लेने के लिए लोगों ने जिस प्रकार से उत्सुकता दिखाई थी, वह उत्सुकता दूसरे डोज में नहीं दिखाई दे रही है। कई लोग यह मान कर चल रहे हैं कि फर्स्ट डोज लेने के बाद कोरोना का खतरा नहीं हुआ है। इसलिए अवधि आ जाने के बाद भी लोग टीका लगवाने नही पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, क्योंकि जब तक दोनों डोज न लिए जाएंगे व कोरोना गाइड लाइन का पालन नहीं किया जाएगा, तब तक खतरा मंडराता रहेगा। अधिक से अधिक लोग दुसरा डोज लगवाए, इसके लिए जल्द ही कोई बडी कार्य योजना अधिकारियों को बनानी होगी।