नईदुनिया न्यूज, नलखेड़ा। मां बगलामुखी दरबार में गुप्त नवरात्र आज से प्रारंभ होंगे। गुप्त नवरात्र को लेकर मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। गुरुवार सुबह से ही मां के दरबार में श्रद्धा, आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनियों के बीच मंदिर परिसर में कई साधक, उपासक हवन-अनुष्ठान, जप-तप करते हुए भक्ति में लीन दिखाई दे रहे हैं।
गुप्त नवरात्र के प्रथम दिन मंदिर पर मां बगलामुखी की सुबह की आरती में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। मंदिर क्षेत्र में नौ दिन मंत्रोच्चार, जप, तप, हवन-अनुष्ठान का सिलसिला चलता रहेगा। गुप्त नवरात्र में मंत्री व राजनेताओं के हवन-अनुष्ठान भी होंगे।
इस बार गुप्त नवरात्र की शुरुआत पृथ्वी पर अग्निवास के साथ हुई है, जो एक अत्यंत शुभ संकेत माना जाता है। अग्निवास के दौरान किया हवन, यज्ञ और देवी अनुष्ठान शीघ्र फलदायक होता है। इसके साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है, जो सुबह 8.46 बजे से लेकर 27 जून को प्रात: 5.31 बजे तक रहेगा। यह योग किसी भी शुभ कार्य के लिए अत्यंत प्रभावकारी होता है और इस दौरान आरंभ किए गए कार्यों में सफलता प्राप्त होती है।
संभागायुक्त उज्जैन संजय गुप्ता ने नलखेड़ा पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन किए। संभागायुक्त गुप्ता ने गर्भगृह में विधि-विधान से मां बगुलामुखी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों द्वारा मां बगलामुखी मंदिर पर हो रहे विकास कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सर्वेश यादव, तहसीलदार गिरीश सूर्यवंशी व अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।