
बड़ौद (आगर-मालवा), नईदुनिया न्यूज। बड़ौद के निजी स्कूल में मंगलवार को प्रार्थना में भारत माता की जय और वंदेमातरम् नहीं बोलने की बात पर विवाद हो गया। इसके बाद वर्ग विशेष के छात्रों ने दूसरे समुदाय केछात्रों पर लाठियों से हमला कर दिया। इसमें राहगीर भी घायल हो गए।
घटनाक्रम के अनुसार महावीर जैन विद्या मंदिर में वर्ग विशेष के कुछ छात्र प्रार्थना में राष्ट्रगान के बाद भारत माता की जय नहीं बोल रहे थे, तो दूसरे समुदाय के छात्र बोले कि भारत माता की जय बोलने में क्या परेशानी है? इस पर विवाद हुआ।
दोपहर में विद्यालय की छुट्टी होने के बाद छात्र जब वापस गांव जा रहे थे तो कसाई मोहल्ले में वर्ग विशेष के छात्रों सहित अन्य लोगों ने इनके साथ मारपीट कर दी। राहगीर मुन्नालाल चौहान निवासी बिरगढी, गोपाल पुत्र माना बागरी उंचवास एवं पत्नी प्रेमबाई, छात्र भारतसिंह आम्बा को भी चोट आई है।
बड़ौद थाना पुलिस ने छात्रों सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ एसटी-एससी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। चार को हिरासत में ले लिया। बाहर से पुलिस बल बुलाया गया है।
शिप्रा नदी में कूदकर आत्महत्या
उज्जैन । इंदौर निवासी एक युवक ने बीमारी के कारण परेशान होकर शिप्रा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक रविवार से घर से लापता था। स्वजन ने सोमवार को उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। महाकाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है।पुलिस ने बताया कि सोमवार को गोताखोरों ने रामघाट पर शिप्रा नदी से एक युवक का शव नदी से निकाला था। मृतक की शिनाख्ती के लिए इंदौर व आसपास के क्षेत्रों में सूचना की गई थी। शिनाख्त इंदौर के बाणगंगा निवासी सतीश पुत्र राजेंद्र तरस उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई। एसआइ सालगराम चौहान को स्वजन ने बताया कि मृतक सतीश करीब 10 साल से बीमारी से पीड़ित था। पैरालिसिस के कारण वह घर पर ही रहता था। रविवार को वह घर से लापता हो गया था। स्वजन ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।