
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को शाजापुर प्रवास के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार, माफियाराज और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया बेखौफ सक्रिय हैं और उन्हें सरकार का संरक्षण मिल रहा है। पटवारी राघोगढ़ में आयोजित सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल होने जा रहे थे।
इस दौरान नेशनल हाईवे-52 पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के मामले में सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में अब तक 500 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शराब, खनिज और प्रशासन सहित 52 प्रकार के माफिया प्रदेश में सक्रिय हैं। प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय सरकार माफिया को संरक्षण दे रही है।
पांच दिवसीय विधानसभा सत्र पर भी उठाए सवाल
पटवारी ने विधानसभा के प्रस्तावित पांच दिवसीय सत्र को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने कम समय के सत्र में जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाएगी। इससे विपक्ष को भी सरकार से सवाल पूछने और विभिन्न मामलों को सदन में उठाने का सीमित अवसर मिलेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मुद्दों पर चर्चा से बचना चाहती है। पटवारी के अनुसार, यदि सरकार वास्तव में जवाबदेह और पारदर्शी है तो उसे कम से कम 20 दिन का शीतकालीन विधानसभा सत्र बुलाना चाहिए, ताकि जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सके।