
शाजापुर। शाजापुर से 40 किमी दूर सलसलाई में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर जमकर उपद्रव हुआ। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बस स्टैंड क्षेत्र स्थित भाजपा नेता पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। उपद्रव और पथराव में घायल 12 लोगों में 4 की हालत गंभीर है। एक की अंगुली कटकर अलग हो गई।
दमकल पर भी पथराव किया गया। उपद्रव के बाद 7 वाहन, 2 दुकान, घर व गुमटियों में आग लगाई गईं। पुलिस ने लाठियां फटकारी और आंसू गैस के गोले छोड़े, तब स्थिति नियंत्रित हो सकी। शाम को उज्जैन एडीजी वी. मधुकुमार पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी अनुसार बस स्टैंड पर भाजपा नेता प्रकाश मेवाड़ा की दुकान पर दूसरे पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग पहुंचे और प्रकाश पर लाठी, पत्थर और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। सूचना पर सलसलाई पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया किंतु इसी बीच दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। उपद्रवियों ने पथराव के साथ आगजनी शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। सूचना पर वरिष्ठ अफसर घटनास्थल के लिए रवाना हुए और अन्य थानों का बल भी सलसलाई भेजा गया।
उपद्रव में बस स्टैंड क्षेत्र सहित गांव में भी जमकर बवाल मचाया गया। घरों में तोड़फोड़ के साथ आग लगा दी गई। पुलिस पर भी पथराव किया गया। बस स्टैंड क्षेत्र में एक ट्रैक्टर, बोलेरो, बाइक सहित कुछ अन्य वाहनों में तोडफोड़ कर आग लगा दी। काफी देर तक यहां अफरा-तफरी का माहौल रहा। लोग घरों में डरे-सहमे छिपे रहे।
बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ गुमटियों को भी आग लगा दी गई। विवाद में एक पक्ष के 4 लोग गंभीर घायल हो गए, जिन्हें शाजापुर रैफर कर दिया गया। प्रकाश को सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि नारायण मेवाड़ा की एक उंगली ही कटकर अलग हो गई, जो पुलिस ने बस स्टैंड क्षेत्र से जब्त की। सभी घायलों को शाजापुर व शुजालपुर अस्पताल रैफर किया गया। शाजापुर से प्रकाश समेत तीन अन्य को इंदौर रैफर कर दिया गया।
फायर फाइटर पर पथराव, कांच फूटे
आगजनी के बाद काबू पाने के लिए सलसलाई के साथ ही शुजालपुर, कालापीपल और सारंगपुर की फायर ब्रिगेड बुलाई गई। जब एक फायर ब्रिगेड पहुंची तो उपद्रवियों ने उसमें भी तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही शाजापुर, आगर व राजगढ़ जिले से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में लिया। एसपी शैलेंद्रसिंह चौहान के नेतृत्व में आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। शाम तक करीब 35 आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
एडीजी विवादित स्थल पर पहुंचे
इधर, शाम 5 बजे एडीजी उज्जैन वी. मधुकुमार सलसलाई पहुंचे। यहां उन्होंने डीआईजी रमणसिंह सिकरवार, कलेक्टर श्रीकांत बनोठ, एसपी चौहान समेत अन्य अधिकारियों के साथ विवादित स्थल देखा। करीब एक घंटे तक एडीजी व डीआईजी यहां रुके रहे। कई बिंदुओं पर मातहतों को निर्देशित किया।
आगजनी से भारी नुकसान
उपद्रव में 14 लोगों की संपत्ति को लाखों का नुकसान पहुंचा है। डिप्टी कलेक्टर कलावती ब्यारे की टीम ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है।
यह है विवाद का कारण
जिस जमीन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, उसके दो मालिक बताए जा रहे हैं। एक ग्वालियर और दूसरा इंदौर निवासी है। ग्वालियर के व्यक्ति ने जमीन एक व्यक्ति को बेच दी, जबकि इंदौर वाले व्यक्ति की ओर से प्रकाश जमीन पर हक जता रहा था। दूसरा पक्ष जमीन पर निर्माण शुरू करा था। इसे लेकर प्रकाश ने आपत्ति ली, जिससे काम रुक गया। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनातनी चल रही थी।
'सलसलाई में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है। उपद्रव करने वालों को दबोचने के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।"
-शैलेंद्रसिंह चौहान, एसपी