
-कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक को सौंपा ज्ञापन
शाजापुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख एवं मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय सचिव संजीव ढींगरा के नेतृत्व में बिजली कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधायक अरुण भीमावद से मिला एवं मांग पत्र प्रस्तुत किया।
मांग पत्र में बिजली कर्मचारी द्वारा मांग की गई कि बिजली कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना में शामिल नहीं किया गया है। हमारी मांग है कि विद्युतकर्मी जो मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन एवं पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में कर्मचारी संविदा कर्मी एवं बहाए स्त्रोत कर्मचारी जो निरंतर विद्युत प्रदान करने में शाजापुर जिले में लगातार कार्य कर रहे हैं उन्हें अब तक कोरोना योद्धा नहीं माना है। वहीं उन्हें फ्रंटलाइन वर्कर ना मानकर अब तक वैक्सीनेशन नहीं किया गया है। कार्यरत अमला अपने जीवन की परवाह किए बिना फर्ज के प्रति 24 घंटे फ्रंंट लाइन पर कार्य कर रहे है। जबकि कोरोना से कुछ कर्मचारियों की मृत्यु हो गई है वहीं कई कर्मचारी कोरोना पीड़ित हैं। देवास कलेक्टर द्वारा बिजली कर्मचारियों को कोरोना योद्धा मानकर कोरोना योद्धा की सभी सुविधा दी जा रही है। प्रांतीय सचिव संजीव ढींगरा ने पूर्व विधायक भीमवद से निवेदन किया गया कि बिजली कर्मचारियों को भी अन्य जिलों के समान शाजापुर जिले में कार्यरत कर्मचारियों को कोरोना योद्धा बनाने के लिए आदेश प्रसारित करवाने का कष्ट करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा विद्युत कर्मियों को फ्रंट लाइन वर्कर की श्रेणी में माना जाए तथा फ्रंट लाइन वर्कर को मृत्यु उपरांत मिलने वाली मुख्यमंत्री कोविड-19 योद्धा कल्याण योजना अंतर्गत पात्रता सुविधाओं का लाभ भी दिया जाए। पूर्व विधायक भीमावद द्वारा शीघ्र ही इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उक्त आदेश प्रसारित कराने का आश्वासन दिया।