_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, शाजापुर : मप्र के शाजापुर के ऋषि शर्मा ने भाभा परमाणु रिसर्च केंद्र में साइंटिफिक ऑफिसर की भर्ती परीक्षा में देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। परिणाम नौ अप्रैल को घोषित हुआ। जून में साक्षात्कार के बाद ऋषि का चयन होगा। मार्च में हुई इस परीक्षा में देशभर से तीन लाख युवा शामिल हुए थे। काफी कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में बेटे के सफल होने से माता रश्मि और पिता राजेश शर्मा खासे उत्साहित हैं।
ऋषि का कहना है कि वह भाभा परमाणु रिसर्च केंद्र में कार्य कर देश की सेवा करना चाहते हैं। लक्ष्य तय करके तैयारी करने से सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका है। ऋषि साक्षात्कार में सफलता को लेकर भी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं।
ऋषि के पिता राजेश शर्मा ने बताया कि बेटे को बचपन से ही कुछ अलग करने की ललक थी। वह स्कूल शिक्षा के समय से ही पढ़ाई में अव्वल रहा। वह जेइइ की परीक्षा में भी टाप रहा। फिलहाल वह यूएस की कंपनी में साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में साफ्टवेयर इंजीनियर के रुप में कार्यरत है। बेटे के मन में देश सेवा करने की इच्छा थी।
इसी दाैरान निजी कोचिंग संचालक प्रदीप सोलंकी के संपर्क में वह आया। उन्होंने ऋषि को केंद्र सरकार द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा में शामिल होने की सलाह दी थी। इसी दाैरान भाभा परमाणु रिसर्च केंद्र में साइंटिफिक ऑफिसर पद पर भर्ती के लिए परीक्षा कार्यक्रम जारी हुआ। ऋषि ने इसके लिए तैयारी की और परीक्षा में देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर परिवार व शहर का नाम रोशन किया है।