
नईदुनिया प्रतिनिधि, आगर मालवा। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए राज्य शासन ने आगर मालवा जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आठ नए चिकित्सा अधिकारियों की पदस्थापना की है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत इन चिकित्सकों को जिले के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में नियुक्त किया गया है, जिससे लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे क्षेत्रों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार बड़ागांव, मोडी, सुसनेर, सुधवास, पचलाना, चांदनगांव, नलखेड़ा और जमुनिया क्षेत्रों में नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन क्षेत्रों में लंबे समय से पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं का अभाव बना हुआ था, जिसके चलते मरीजों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला मुख्यालय या अन्य शहरों की ओर रुख करना पड़ता था।
नई नियुक्तियों के बाद ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद है। विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, सामान्य रोगों का उपचार, टीकाकरण एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा। इससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- लाड़ली बहनों को मिली खुशखबरी... खाते में आए 1500 रुपये, ऐसे चेक करें अपनी 37वीं किस्त का स्टेटस
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश देहरवाल ने बताया कि जिले में नवीन पदस्थापना के तहत आठ चिकित्सक नियुक्त किए गए हैं। इनमें से दो चिकित्सकों ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जबकि शेष चिकित्सक सोमवार तक ज्वाइन करेंगे।
उन्होंने कहा कि नए डॉक्टरों की नियुक्ति से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। जिलेवासियों ने भी शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।