
आरोपी के 2 बच्चे, नाबालिग भी विवाहित
शाजापुर। सुंदरसी थाना क्षेत्र से ढ़ाई माह पहले अपहृत नाबालिग इंदौर के मालवीय से बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों कई दिनों से किराए के मकान में रह रहे थे। मामले में पुलिस मे आरोपी युवक लाड़सिंह पिता मोहन सिंह (25) को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं मेडिकल के बाद नाबालिग को उसके परिजन को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, लैंगिक अपराध अधिनियम के साथ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। सुंदरसी थाना प्रभारी विजय कैन ने बताया कि ग्राम सेमली निवासी नाबालिग सुंदरसी में अपनी नानी के यहां रहती थी। यह 20 जून से घर से गायब थी। मामले में पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज किया था। नाबालिग की तलाश में कई दिनों से पुलिस जुटी हुई थी। इसी दौरान इनके इंदौर में होने की सूचना मिलने पर टीम इंदौर गई और नाबालिग को बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों पहले से विवाहित : मामले में पुलिस ने बताया कि नाबालिग और आरोपी दोनों पहले से विवाहित हैं। आरोपी के 2 बच्चे भी हैं। जबकि नाबालिग का भी विवाह हो चुका है। वह कुछ दिन ससुराल में भी रह चुकी है। पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ा तो नाबालिग उसका बचाव करने लगी। वह थाने में भी उसी के साथ रहने की बात कह रही थी। इस पर परिजन और महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उसे काफी देर तक समझाया गया। जव जाकर वह अपने घर जाने के लिए मानी।